सड़क किनारे गड्ढे और मिट चुकी पीली पट्टी बढ़ा रही परेशानी, लोगों ने नगर परिषद से लगाई सुधार की गुहार
शाम ढलते ही मेन रोड का बड़ा हिस्सा अंधेरे में डूब रहा
संवाद न्यूज एजेंसी
कालका। शहर के मेन रोड पर बदहाल स्ट्रीट लाइट व्यवस्था के कारण शाम ढलते ही कई हिस्से अंधेरे में डूब जाते हैं। सड़क किनारे बने गड्ढे और कई स्थानों से मिट चुकी पीली पट्टी के चलते वाहन चालकों और राहगीरों में हादसे का डर बना हुआ है। स्थानीय लोगों ने नगर परिषद से खराब स्ट्रीट लाइटों को दुरुस्त करने और नई लाइटें लगाने की मांग की है।
स्थानीय लोगों के अनुसार मेन रोड पर लगी अधिकांश स्ट्रीट लाइटें लंबे समय से खराब पड़ी हैं। नगर परिषद क्षेत्र में जरूरत के मुताबिक पर्याप्त स्ट्रीट लाइटें भी नहीं लगी हैं। इससे रात के समय वाहन चालकों और पैदल राहगीरों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ता है।
लोगों का कहना है कि सड़क पर जगह-जगह गड्ढे बने हुए हैं, जबकि सड़क किनारे भी कई स्थानों पर गड्ढे होने से दुर्घटना की आशंका बनी रहती है। सड़क के किनारे बनी पीली पट्टी भी कई जगह से मिट चुकी है, जिससे रात में वाहन चालकों को सड़क की सीमा और किनारा पहचानने में दिक्कत होती है।
स्थानीय निवासियों ने बताया कि अंधेरे के कारण कई लोग गिरकर घायल भी हो चुके हैं। उन्होंने नगर परिषद से मांग की है कि सभी खराब स्ट्रीट लाइटों को जल्द ठीक कराया जाए, जहां जरूरत हो वहां नई लाइटें लगाई जाएं तथा सड़क और किनारों पर बने गड्ढों को भरवाकर पीली पट्टी दोबारा बनाई जाए।