डिफेक्ट लायबिलिटी पीरियड में भी मरम्मत नहीं, निगम एक साल से नहीं जागा
संवाद न्यूज एजेंंसी
पंचकूला। सेक्टर-15 की बी-रोड पर लोगों का चलना तक मुश्किल हो गया है। रेहड़ी मार्केट के प्रवेश द्वार पर सड़क बड़े-बड़े गड्ढों में तब्दील हो चुकी है। इनमें हर समय गंदा पानी भरा रहता है। वाहन चालकों को गाड़ी निकालने में परेशानी होती है तो पैदल चलने वालों के कपड़ों पर छींटे पड़ते हैं। हैरानी की बात है कि एक साल से अधिक समय से शिकायतों के बावजूद नगर निगम ने सड़क की मरम्मत नहीं कराई।
सड़क अभी डिफेक्ट लायबिलिटी पीरियड में है। ऐसे में ठेकेदार से बिना अतिरिक्त खर्च के मरम्मत कराई जा सकती थी। इसके बावजूद सड़क की हालत नहीं सुधरी। सवाल है कि जब मरम्मत की जिम्मेदारी तय है तो नगर निगम ने अब तक कार्रवाई क्यों नहीं की?
सड़क पर 100 मीटर के भीतर तीन स्पीड टेबल बने हैं। इनमें से एक पूरी तरह टूट चुका है। इससे वाहन उछलते हैं और हादसे का खतरा बना रहता है। स्थानीय लोगों ने इनके बीच तय दूरी के नियमों की अनदेखी का भी आरोप लगाया है। सेक्टर-14 की ओर से आने वाली दूसरी बी-रोड पर भी गड्ढे हैं और लोग दोबारा सड़क बनाने की मांग कर रहे हैं।
सिटिजन्स वेलफेयर एसोसिएशन के अध्यक्ष एसके नैय्यर, महासचिव सुनील जैन, केसी भारद्वाज और केपी वालिया ने आयुक्त विनय कुमार से गड्ढे भरने, टूटे स्पीड टेबल को हटाने और अतिरिक्त स्पीड टेबल की जांच कर उचित कार्रवाई करने की मांग की है।