संवाद न्यूज एजेंसी
पिंजौर। सूरजपुर स्थित मैदान में राम नाटक सभा की ओर से विजयदशमी पर रावण दहन कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भाग लिया। जिला कांग्रेस कमेटी लीगल सेल पंचकूला के चेयरमैन एडवोकेट दीपांशु बंसल ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की। उन्होंने पूजा-अर्चना के बाद रावण के पुतले का दहन किया।
सभा के सदस्यों ने दीपांशु बंसल का स्वागत किया और उन्हें भगवान श्रीराम के परिवार की तस्वीर भेंट की। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि विजयदशमी बुराई पर अच्छाई की जीत का प्रतीक है। यह पर्व लोगों को बुराइयों का त्याग कर सत्य और धर्म के मार्ग पर चलने की प्रेरणा देता है।
कार्यक्रम में राम नाटक सभा के प्रधान जरनैल सिंह, हितेश धवन, सुमित शर्मा सहित सभा के अन्य सदस्य मौजूद रहे।