पंचकूला। हर्बल फार्मास्यूटिकल कंपनी के नाम पर सेवानिवृत प्रोफेसर से 4.36 लाख की ठगी का मामला सामने आया है। सेक्टर- 21 के रहने वाले सुदेश कुमार सूद के शिकायत पर साइबर पुलिस केस दर्ज करके जांच शुरू कर दी है।
सुदेश कुमार ने शिकायत पर यह बताया कि वह शिमला उच्च शिक्षा विभाग से प्रोफेसर पद पर तैनात थे। सेवानिवृत होने के बाद फेसबुक से अनीता पांडे नाम की महिला से दोस्ती हो गई। महिला ने बताया कि वह हर्बल फार्मास्यूटिकल कंपनी में मैनेजर पद पर काम करती है। फेसबुक से चैटिंग होने लगी और नंबर एक्सचेंज हो गया। फोन काॅल से बात करने पर महिला ने कंपनी के साथ जोड़ने के लिए कहा और लीडरशिप के लिए 55 हजार मांगे। उसके बाद महिला ने कहा कि यह कंपनी दवाई बनाती है। जिस बीज से दवा बनता है वह नागालैंड में मिलता है।
बीज खरीदने के बदले महिला को कई किस्तों में 4.36 लाख रुपये भेजा। जब कंपनी से मिलने वाले प्रॉफिट के बारे में पूछा तो ठीक से जवाब नहीं मिला। इसके बाद उसने बात करना बंद कर दिया। जांच अधिकारी प्रदीप कुमार ने बताया कि मामला दर्ज करके जांच जारी है। पीड़ित के शिकायत के आधार पर खाता नंबर की जांच की जा रही है।