जिला अदालत में मौजूद जज और अन्य लोग। संवाद
पंचकूला। जिला न्यायालय और कालका उप-मंडल न्यायालय में राष्ट्रीय लोक अदालत का आयोजन किया गया। पंचकूला जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के सचिव व मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट अजय कुमार घनघस ने बताया कि जिला एवं सत्र न्यायाधीश वीपी सिरोही के मार्गदर्शन में हुई। इस लोक अदालत में सभी प्रकार के 13802 मामले रखे गए, जिनमें से 12940 का निपटारा किया गया।
लोक अदालत में 1,76,25,104 रुपये की सेटलमेंट की गई। वीपी सिरोही ने बताया कि बेंचों ने विभिन्न श्रेणियों के मामलों की सुनवाई की। इसमें सिविल विवाद, आपराधिक समझौता योग्य मामले, पारिवारिक विवाद, ट्रैफिक चालान, चेक बाउंस के मामले और समझौते के लिए अन्य मामले शामिल थे। वादियों और आम जनता की सुविधा के लिए जिला न्यायालय और उपायुक्त कार्यालय परिसर में हेल्प डेस्क स्थापित किए गए। इन हेल्प डेस्कों पर प्रशिक्षित पैरा लीगल वालंटियर्स (पीएलवी) तैनात थे। इसके अतिरिक्त ट्रैफिक चालान शाखा और सेक्टर-8 पंचकूला में एसबीआई बैंक शाखा में भी हेल्प डेस्क स्थापित किए गए, ताकि अपने मामलों को हल करने के इच्छुक लोगों के लिए व्यापक पहुंच और सुविधा सुनिश्चित की जा सके। मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट अजय कुमार घनघस ने सभी हितधारकों को उनकी सक्रिय भागीदारी के लिए आभार व्यक्त किया।