पंचकूला। जिले में सांस्कृतिक और सामाजिक गतिविधियों को बढ़ावा देने के लिए हरियाणा शहरी विकास प्राधिकरण आवास और सम्मेलन केंद्र (हैबिटेट एंड कन्वेंशन सेंटर) बनाने जा रहा है। इसकी डीपीआर विभाग ने तैयार कर ली है। यह सेंटर पंचकूला ही नहीं पूरे बल्कि पूरे ट्राइसिटी के लोगों के लिए खास होगा।
वहां एक छत की नीचे हर तरह की सुविधाएं मिलेंगी। इसमें कला-संस्कृति से जुड़े कलाकारों को अपने कला के प्रदर्शन के लिए शानदार मंच मिलेगा। बड़े आयोजनों के लिए एक बेहतर क्षमता वाले ऑडिटोरियम और बैंक्वेट हॉल की सुविधा भी मिलेगी। इसमें खाने पीने से लेकर व्यायाम और स्वीमिंग पुल की भी सुविधा होगी। इसके अलावा कांफ्रेंस हॉल, आर्ट गैलरी, स्टूडियो, एक्सपो सेंटर, सहित तमाम सुविधाओं का लोग लाभ उठा सकेंगे।
एक साथ दो भवनों का होगा निर्माण
पंचकूला सेक्टर-1 स्थित डीसी आवास के पीछे करीब 70.22 करोड़ की लागत से 2.73 एकड़ में इंडिया आवास और सम्मेलन केंद्र बनेगा। इसमें दो भवनों का निर्माण किया जाएगा। इसमें ग्राउंड फ्लोर सहित 3 और 9 मंजिल इमारत शामिल है। इस प्रोजेक्ट को पूरा करने में करीब तीन साल का समय लगेगा। यहां एक साथ करीब तीन हजार लोगों के पार्किंग की सुविधा होगी।
ये होंगी सुविधाएं
होटल, आवास और सम्मेलन केंद्र, 200 सीटों की क्षमता वाला अंतरराष्ट्रीय स्तर का ऑडिटोरियम, 500 लोगों के क्षमता वाला बैंक्वेट हॉल, हैबिटेट पार्क, आर्ट गैलरी, म्यूजिकल फाउंटेन, आर्ट गैलरी, स्टूडियो, फूड कोर्ट, एक्सपो सेंटर, ओपन लॉन, कांफ्रेंस हॉल, क्लब, जिम और भी बहुत कुछ होगा।
ये होगी खासियत
-ग्रीन बिल्डिंग के रूप में होगा निर्माण
-सभी जगह एलईडी लाइट्स
- करीब 0.5 मेगावाट का शौर्य ऊर्जा का उत्पादन
-स्मार्ट बिल्डिंग कांसेप्ट के जरिए बनेगी इमारत
-परिसर में लोगों को मिलेगा स्मार्ट कार्ड से प्रवेश
-पावर बैकअप के लिए गैस जनरेटर
-विद्युत वाहनों के लिए चार्जिंग प्वाइंट
-100 फीसदी वातानुकूलित
-सीवरेज का 100 फीसदी शोधन
-ऑटोमेटिक पार्किंग विथ इलेक्ट्रानिक डिसप्ले
-सॉलिड वेस्ट मैनेजमेंट प्लांट का प्रावधान
सेक्टर-1 में आवास और सम्मेलन केंद्र बनाया जाएगा। इसकी तैयारी शुरू कर दी गई है। यहां दो भवनों का निर्माण करीब 77 करोड़ की लागत से 2.76 एकड़ में किया जाएगा। इसमें एक बिल्डिंग ग्राउंड फ्लोर सहित तीन और दूसरी ग्राउंड फ्लोर सहित तीन मंजिल होगी। यह प्रोजेक्ट करीब तीन साल में पूरा किया जाएगा। - अमित राठी, एक्सईएन, हरियाणा शहरी विकास प्राधिकरण पंचकूला।
सेक्टर-1 में 2.76 एकड़ में बनने वाले हैबिटेट सेंटर में एक छत के नीचे कई तरह की सुविधाएं लोगों को मिलेंगी। जिसमें 200 सीटों की क्षमता वाला अंतरराष्ट्रीय स्तर का ऑडिटोरियम, 500 लोगों के क्षमता वाला बैंक्वेट हॉल, 300 वाहनों की पार्किंग, आर्ट गैलरी, स्टूडियो, फूड कोर्ट, एक्सपो सेंटर, ओपन लॉन, कांफ्रेंस हॉल, क्लब सहित कई तरह की सुविधाएं शामिल हैं। यह प्रोजेक्ट करीब 70.22 करोड़ की लागत इसका निर्माण किया जाएगा। कैलाश काला, एसडीओ, हरियाणा शहरी विकास प्राधिकरण पंचकूला।