पंचकूला। जलौली टोल प्लाजा पर नौ गांव के लोगों को राहत मिली है। अब टोल प्लाजा पर लोगों को 100 रुपये हर माह का पास जारी होगा। इस मासिक पास की कीमत 185 रुपये घटा दी गई है। हरियाणा विधानसभा अध्यक्ष ज्ञानचंद गुप्ता के प्रयास से बरवाला क्षेत्र के नौ गांवों के लोगों ने राहत की सांस ली है। उन्होंने बताया कि लोगों से पहले कुल 285 रुपये जलौली टोल प्लाजा पर किराया लिया जाता था। टोल प्लाजा के मासिक पास में छूट की मांग को लेकर इस क्षेत्र के लोग लंबे समय से प्रयासरत थे। इस छूट का लाभ सुल्तानपुर, बरवाला, रिहौड़, बतौड़, भरैली, भगवानपुरा, नया गांव, टाबर और मौली के लोगों को होगा।
सोमवार को मार्केट कमेटी के पूर्व चेयरमैन अशोक शर्मा के नेतृत्व में नौ गांवों के निवर्तमान सरपंच और प्रतिष्ठित लोग विधानसभा अध्यक्ष ज्ञानचंद गुप्ता से मिलने विधानसभा पहुंचे। उन्होंने कहा कि क्षेत्रवासियों को अपने दैनिक आवश्यक कार्यों के सिलसिले में शहर आना होता है, लेकिन पंचकूला-यमुनानगर रोड पर जलौली में स्थापित टोल प्लाजा पर उनकी जेब ढीली हो जाती है।
ग्रामीणों की समस्या का समाधान करने के लिए ज्ञानचंद गुप्ता ने टोल प्लाजा कंपनी के मैनेजर अरविंद कुमार को मौके पर बुलाया। उन्होंने निर्देश दिए कि ग्रामीणों के साथ सहयोगात्मक रवैया अपनाना चाहिए। इस पर कंपनी के मैनेजर ने ग्रामीणों की मांग को मान ली। दोनों पक्षों की बातचीत के दौरान टोल प्लाजा पर नौ गांवों के लोगों के लिए मासिक पास का शुल्क 100 रुपये वसूलने पर सहमति बनी। विधानसभा अध्यक्ष ज्ञानचंद गुप्ता से मिलने पहुंचे प्रतिनिधिमंडल में बड़ी संख्या में पूर्व सरपंच शामिल रहे।
इनमें बतौड़ से लक्ष्मण दास, भगवानपुरा से जितेंद्र सैनी, बरवाला से बलजिंद्र गोयल, रिहौड़ से अमित शर्मा, भरौली से गुरचरण शामिल रहे। इस मौके पर सुल्तानपुर निवासी परमजीत, भाजपा के बरवाला मंडल अध्यक्ष गौतम राणा, धर्मेंद्र सिंह, अमरीक सिंह, राहुल राणा, अमरजीत सिंह, कैप्टन सतपाल सिंह, रोहित राणा, रामकुमार राणा, ओमप्रकाश शास्त्री, जतिन गोयल सहित अन्य लोग भी उपस्थित रहे।