पंचकूला। शहरवासियों को जल्द करोड़ों रुपये के नए विकास कार्यों की सौगात मिलने जा रही है। वर्तमान में चार हजार करोड़ रुपये से अधिक के विकास कार्य जिले में पहले ही करवाए जा चुके हैं। अब जाम से राहत दिलाने के लिए पंचकूला-जीरकपुर हाईवे पर 25 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाले अंडरपास की टेंडर प्रक्रिया पूरी हो गई है। जल्द ही निर्माण कार्य शुरू होने की उम्मीद है। यह जानकारी हरियाणा विधानसभा अध्यक्ष एवं पंचकूला विधायक ज्ञानचंद गुप्ता ने दी। उन्होंने बताया कि इस अंडरपास के बनने से सेक्टर-12, सेक्टर-12ए और सेक्टर-20 के लोगों को ट्रैफिक जाम की समस्या से निजात मिल जाएगी।
इसी प्रकार आयुष विभाग द्वारा एम्स का निर्माण 500 करोड़ रुपये की लागत से किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि पंचकूला के सेक्टर-24 में 18 एकड़ भूमि पर 30 करोड़ रुपये की लागत से एक मल्टी फीचर्ड पार्क बनाया जा रहा है। यह पार्क ट्राइसिटी में सबसे बेहतरीन होगा। इस पार्क में ओपन एयर थिएटर, ओपन कैफे, साइकिल व जॉगिंग ट्रैक, मेज गार्डन, फुट ओवरब्रिज, मेडिटेशन गार्डन, स्केटिंग रिंग, म्यूजिकल फाउंटेन इत्यादि सुविधाएं उपलब्ध होंगी। इसके अलावा पार्क के साथ दो होटल-कम-बैंक्वेट हॉल बनाने की योजना भी है। इसके अलावा शहर में बहने वाले दो नालों की साफ-सफाई और सौंदर्यीकरण के कार्यों पर 15 करोड़ रुपये खर्च किए जा रहे हैं। माता मनसा देवी कांप्लेक्स से सेक्टर-17-18 तक नाले के सौंदर्यीकरण का कार्य शुरू हो चुका है। सेक्टर-2 और सेक्टर-4 के नाले की साफ-सफाई का कार्य जल्द शुरू होने वाला है।
ज्ञानचंद गुप्ता ने बताया कि पंचकूला को विकास की दृष्टि से नंबर वन बनाने और इसे अधिक स्वच्छ, सुंदर व हराभरा बनाने के लिए विशेष प्रयास किए जा रहे हैं। इसके लिए उन्होंने सात सरोकार दिए हैं, जिसमें शहर को अतिक्रमण, स्लम, स्ट्रे कैटल, स्ट्रीट डॉग, ड्रग, प्रदूषण, प्लास्टिक से मुक्त करना शामिल है। उन्होंने पंचकूलावासियों से इन सभी सरोकारों की दिशा में कार्य करने की अपील की है। इन सरोकारों को पूरा करने के लिए शहर की रेजिडेंट वेलफेयर एसोसिएशन और गैर सरकारी संगठनों का भी सहयोग लिया जा रहा है, जिससे पंचकूला को अधिक स्वच्छ, सुंदर और हराभरा बनाया जा सके।
जाम से परेशान हो रहे शहरवासी
शहर के सबसे व्यस्त सेक्टर-20 में अभी भी लोगों को जाम लगने के कारण परेशान होना पड़ रहा है। यहां पर लोगों को होने वाली ट्रैफिक जाम से परेशानी का पुलिस से लेकर विधायक तक को पता है। इसके बाद भी अभी तक ना तो इसका कोई पक्का हाल किया गया और न ही कोई अस्थायी समाधान किया गया। वहीं, रोड सेफ्टी ऑर्गेनाइजेशन की तरफ से पुलिस की ओर से होने वाली रोड सेफ्टी मीटिंग में भी मुद्दा उठाया था, जिसके बाद भी इस पर कोई ध्यान नहीं दिया गया।
अब हालत ऐसे हैं कि यहां पर सेक्टर-20 अंडर पास की ट्रैफिक लाइट से औद्योगिक क्षेत्र के पेट्रोल पंप तक जाम लगने के कारण लोगों को परेशान होना पड़ रहा है। यहां पर ट्रैफिक लाइट में भी पहले नंबरिंग में बदलाव करने के लिए बोला जा रहा था, लेकिन उस पर भी अभी तक कोई खास काम नहीं किया गया। ट्रैफिक को सेक्टर 12-ए और सेक्टर-20 के बीच बने पुल से होकर जाना पड़ता है, जिस कारण से यहां रोजाना लंबा जाम लगा रहता है। एचएसपीवी का अनुमान है कि अंडरपास बनने से पुल का ट्रैफिक 40 से 50 फीसदी कम हो जाएगा।
लोगों को लगाना पड़ रहा लंबा चक्कर
जीरकपुर से पंचकूला आने वालों को लंबा चक्कर लगाना पड़ रहा है। इसमें पैसे और समय की बर्बादी हो रही है। वहीं, वाहन चालकों को सेक्टर-20 अंडरपास के पास जाम के चलते परेशान होना पड़ता है। वाहन चालक लंबे समय से प्रशासनिक अधिकारियों से इस समस्या के समाधान के लिए गुहार लगा रहे हैं, लेकिन आजतक जाम से निजात नहीं मिला। कई बार तो लोग जाम से बचने के लिए जीरकपुर के-एरिया से होकर सीधे बलटाना पहुंचते हैं, लेकिन यहां रेलवे लाइन बंद होने से उन्हें जमा का सामना करना पड़ता है।