पंजाब परिवहन विभाग की ओर से स्कूलों, कॉलेजों, यूनिवर्सिटियों के विद्यार्थियों को रियायती बस पास, सेवा केन्द्रों के मार्फत जारी करने का फ़ैसला किया गया है।
परिवहन मंत्री रजिया सुल्ताना ने बताया कि पहले चरण में बस पास जारी करने के लिए विद्यार्थियों को अपने आवेदन फार्म दस्तावेज़ के साथ नज़दीकी सेवा केंद्रों में जमा करवाने होंगे। सेवा केंद्रों द्वारा फार्म स्कैन करके ऑनलाइन तरीके से पास जारीकर्ता अधिकारी/अथॉरिटी को भेजे जाएंगे और जारीकर्ता अथॉरिटी अपलोड किए डाटा को जांचने के बाद सेवा केंद्र को वापस भेजेगा। सेवा केंद्र विद्यार्थियों को बस पास मुहैया करवाने के बाद बस पास प्रार्थी के ‘डिजी लॉकर’ एकाउंट में भेजेगा। सुल्ताना ने बताया कि ऑनलाइन पड़ताल के लिए दूसरे चरण में विद्यार्थियों को बस पास जारी करने संबंधी आवेदन स्कूलों, कॉलेजों और यूनिवर्सिटियों से ली जाएंगी। इस उद्देश्य के लिए बस पास सेवा केंद्रों द्वारा जारी करने की सेवा शुरू करने के लिए कमेटी गठित की गई है। यह कमेटी विद्यार्थियों को बस पास सेवा केंद्रों द्वारा जारी करने की सेवा शुरू करने में आने वाली मुश्किलों /कमियों को दूर करने के लिए और सेवा केंद्रों के द्वारा अतिरिक्त सेवाएं जारी करने संबंधी लगातार बैठके करेगी।