पंचकूला। रंजीत सिंह हत्या के मामले में बुधवार को पंचकूला स्थित विशेष सीबीआई की अदालत में सुनवाई हुई। सुनवाई के दौरान मुख्य आरोपी गुरमीत राम रहीम सिंह और आरोपी कृष्ण लाल वीडियो कांफ्रेंसिंग से पेश हुए। वहीं आरोपी जसबीर सिंह और अवतार सिंह, सबदिल सीबीआई कोर्ट में प्रत्यक्ष रूप से पेश हुए।
सीबीआई वकील एचपीएस वर्मा ने बताया कि पिछली सुनवाई में जो अंतिम जिरह शुरू हुई थी वह बुधवार को भी जारी रही। इस दौरान वकीलों द्वारा अपना पक्ष रखा गया। वकील एचपीएस वर्मा ने बताया कि मामले की अगली सुनवाई 2 अप्रैल को होगी। गौरतलब है कि रंजीत मर्डर मामले में फाइनल बहस जारी है। रंजीत सिंह आरोपी गुरमीत राम रहीम के सिरसा स्थित डेरे का मैनेजर था। उसकी गोली मारकर हत्या की गई थी।