संवाद न्यूज एजेंसी
लुधियाना। पूर्वांचल समाज की महिलाओं के खिलाफ अभद्र टिप्पणी करने वाले यूट्यूबर के खिलाफ शहर का पूर्वांचल समाज एकजुट हो चुका है। पुलिस को शिकायत देने के बाद चार दिन का अल्टीमेटम दिया गया था जो मंगलवार की रात को खत्म हो जाएगा।
अखिल भारतीय मजदूर काउंसिल पंजाब के अध्यक्ष और पूर्वांचल समाज के नेता चितरंजन कुमार ने कहा कि एक यूट्यूबर द्वारा पूर्वांचल समाज की महिलाओं के प्रति अभद्र टिप्पणी करना और उन्हें गलत बोलना भाईचारे को खराब करने का काम है।
पूर्वांचल समाज के नेता एएन मिश्रा ने बताया कि यूट्यूबर पर कार्रवाई न होने पर अनिश्चितकालीन हड़ताल शुरू होगी। पूर्वांचल समाज के नेताओं की मंगलवार की दोपहर को एसीपी पूर्वी सुमित सूद के साथ मीटिंग हुई। इसमें उन्होंने एसीपी को सभी तथ्यों से अवगत कराया और उक्त क्लिप भी दिखाई जिसमें यूट्यूबर द्वारा पूर्वांचल समाज की महिलाओं के बारे में अभद्र टिप्पणी की थी। मीटिंग के बाद पूर्वांचल नेता चितरंजन कुमार ने कहा कि पुलिस ने आश्वासन दिया है कि आज ही पर्चा दर्ज कर दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि एसीपी के साथ हुई बैठक में जो आश्वासन मिला है उसके हिसाब से कार्रवाई नहीं हुई तो पूर्वांचल समाज के लोग आंदोलन के लिए मजबूर हो जाएंगे। उनका कहना है कि लुधियाना की फैक्ट्रियों में 95 फीसदी वर्कर उत्तर प्रदेश व बिहार से आते हैं। इनकी कुल संख्या 7 लाख के पार है। उत्तर प्रदेश और बिहार के 80 फीसदी से ज्यादा वर्कर किराए पर रहते हैं। जिस तरह से उन्हें धमकाया जा रहा है, वे डर से घर भाग जाएंगे। उन्होंने कहा कि ये लोग वे हैं जो 12 से 14 घंटे फैक्ट्रियों में काम करते हैं। कुछ शरारती तत्व भय का माहौल पैदा कर उन्हें यहां से भगाना चाहते हैं, जिसका सीधा नुकसान पंजाब की इंडस्ट्री को झेलना पड़ेगा।
क्या कहते हैं एसीपी
एसीपी पूर्वी सुमित सूद ने बताया कि पूर्वांचल समाज के लोगों ने डीसी व पुलिस कमिश्नर को शिकायत दी थी। उसकी जांच सोमवार शाम को उनके पास पहुंची। उन्होंने सोमवार शाम को ही उन्हें बैठक के लिए बुला लिया। पूर्वांचल समाज के लोगों के बयान लिए जा रहे हैं, उसके बाद आरोपियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी।