संवाद न्यूज एजेंसी
लुधियाना। गुरु अंगद देव वेटेनरी एंड एनिमल साइंसेज यूनिर्वसिटी के 500 से ज्यादा छात्र सरकार के खिलाफ लगातार धरना प्रदर्शन करने में जुटे हैं। छात्रों का यह धरना मंगलवार को पांचवे दिन में प्रवेश कर गया।
यूनिवर्सिटी कैंपस के बाहर छात्रों ने कैंडल मार्च निकालकर सरकार के खिलाफ नारेबाजी की। छात्रों का आरोप है कि देश की नंबर-1 वेटरनरी यूनिवर्सिटी होने के बावजूद उन्हें इंटर्नशिप भत्ता बेहद कम दिया जा रहा है। बीवी एससी व एएच डिग्री की अवधि 5 साल 6 महीने है, जो एमबीबीएस जितनी ही लंबी है। छात्रों का कहना है कि पंजाब सरकार ने इस साल एमबीबीएस इंटर्न्स का भत्ता 22 हजार रुपये बढ़ा दिया, लेकिन वेटरनरी छात्रों को अनदेखा कर दिया। यह भेदभावपूर्ण रवैया है।
छात्रों ने कहा कि पड़ोसी राज्यों से ज्यादा फीस देने के बावजूद उन्हें कम पैसा मिलता है। उनकी मांग है कि इंटर्नशिप भत्ता 15 हजार से बढ़ाकर 24,310 रुपये प्रति माह किया जाए। छात्रों ने चेतावनी दी कि अगर किसानों की आय बढ़ानी है तो पशु चिकित्सकों की अनदेखी बंद करनी होगी।