चंडीगढ़। आम आदमी पार्टी (आप) के पंजाब प्रधान भगवंत मान ने कहा कि सूबे के विकास में सबसे बड़ी समस्या बेरोजगारी है। रविवार को पार्टी मुख्यालय में मीडिया को संबोधित करते हुए मान ने कहा कि पहले कॉलेजों और यूनिवर्सिटी से डिग्री मिलने के बाद नौजवान सीधे नौकरी या अपना कोई नया व्यवसाय करते थे। आज नौजवान रोजगार के अभाव में उच्च शिक्षा की डिग्री लेकर घर बैठ रहें हैं और डिप्रेशन व नशे का शिकार हो रहे हैं। युवा विरोधी सरकारों की वजह से आज पंजाब का पैसा और प्रतिभा दोनों विदेश जा रहा है। पंजाब की तरक्की के लिए नौजवानों की प्रतिभा और ऊर्जा का पलायन रोकना सबसे ज्यादा जरूरी है।
मान ने कहा कि पिछले चुनाव में कांग्रेस ने घर-घर रोजगार देने का वादा करके युवाओं के वोट लिए, लेकिन सरकार बनने के बाद डिग्रीधारी बेरोजगार नौजवानों को नौकरी देने के बजाय अपने विधायकों, मंत्रियों और नेताओं के बच्चों और परिवारों को नौकरी दी। कांग्रेस सरकार ने अपने किसी विधायक के बच्चे को डीएसपी लगा दिया तो किसी को तहसीलदार बना दिया। रोजगार के अभाव में पंजाब के नौजवानों ने मजबूर होकर विदेशों का रुख किया और अपनी मातृभूमि को छोड़कर विदेशों में रहने को मजबूर हुए।
मान ने कहा कि पंजाब के आदर्श शहीद भगत सिंह, राजगुरु सुखदेव और करतार सिंह सराभा जैसे वीरों ने अंग्रेजों को देश से भगाने के लिए लंबा संघर्ष किया और अपनी जान कुर्बान की। आज उनके वारिस अपने मां के जेवर और पिता का जायदाद बेचकर उसी अंग्रेजों के पास नौकरी करने जा रहे हैं। पिछली सरकारों ने हमारे शहीदों का बलिदान व्यर्थ कर दिया। मान ने वादा किया कि आम आदमी पार्टी की सरकार पंजाब के प्रतिभा और पैसा को बाहर जाने से रोकेगी।