पंजाब यूनिवर्सिटी के यूबीएस विभाग के एक प्रोफेसर पर अश्लील अभद्रता करने के आरोप लगे हैं। 25 से अधिक छात्र-छात्राओं की शिकायत के बाद पीयू प्रशासन ने जांच शुरू कर दी है। यह जांच रिपोर्ट सिंडिकेट में जाएगी और उसके बाद अगली कार्रवाई होगी। यह मामला पीयू में प्रकाश में आने के बाद चर्चा का विषय बना रहा है।
हर कोई यही कह रहा है कि ऐसा हुआ क्यों? वहीं दूसरी ओर प्रोफेसर ने इन आरोपों को नकारते हुए कहा है कि विद्यार्थी एक-दूसरे को कक्षा के दौरान अश्लील आदि मैसेज भेजते और हंसते हैं। मैंने उन पर कार्रवाई के लिए विभाग अध्यक्ष को शिकायत दी है। उधर, यह मामला पीयू की स्टेंडिंग कमेटी में चला गया है।
मामला यूबीएस विभाग का है। आरोप है कि 17 फरवरी को एमकॉम प्रथम वर्ष की कक्षा प्रोफेसर भारत भूषण गोयल ले रहे थे। कक्षा के दौरान ही उन्होंने दो छात्राओं को खड़ा किया और गंदे शब्दों के जरिये अभद्रता की। उन शब्दों में कुछ अश्लील भी थे। आरोप है कि इसको लेकर पूरी कक्षा के विद्यार्थियों में आक्रोश पनप गया।
छात्राओं का कहना है कि ऐसे शब्दों का प्रयोग कोई शिक्षक नहीं कर सकता। इन शब्दों से उन्हें आघात पहुंचा है। कक्षा के 25 से अधिक विद्यार्थियों ने इस प्रकरण को लिखित रूप से विभाग अध्यक्ष को बताया। विभाग की एकेडमिक कमेटी ने इसको देखा और यह मामला पीयू प्रशासन को ट्रांसफर कर दिया गया। इस प्रकरण की जांच स्टैैंडिंग कमेटी कर रही है।
विद्यार्थी कक्षा में फोन प्रयोग कर मैसेज आदि करते और हंसते हैं। इससे कक्षा का डेकोरम बिगड़ रहा है। कोई भी शिक्षक यह सब अपनी कक्षा में बर्दाश्त नहीं कर सकता। कई बार ऐसा हुआ है। इस पर कार्रवाई के लिए मैंने शिकायत विभाग अध्यक्ष को दी है। छात्राओं की ओर से लगाए जा रहे आरोप निराधार हैं। उन्होंने शिकायत किसको दी है इसकी जानकारी भी मुझे नहीं है।
- प्रो. भारत भूषण गोयल, यूबीएस
मैं उस दिन कक्षा में नहीं था, लेकिन मुझे जानकारी हुई है। शिक्षक की ओर से ऐसे शब्दों का प्रयोग नहीं किया जाना चाहिए था। इसकी शिकायत विद्यार्थियों ने की है।
- पीयूष, क्लास रिप्रजेंटेटिव, एमकॉम
यह प्रकरण स्टेंडिंग कमेटी के पास चला गया है। कमेटी इस प्रकरण की गंभीरता से जांच कर रही है और इसकी रिपोर्ट सिंडिकेट में जाएगी।
- प्रो. शंकरजी झा, डीयूआई