हरियाणा रोडवेज हड़ताल में एस्मा के तहत लगे समस्त चालक व परिचालक सेक्टर 5 धरना स्थल पर अपनी मांगों ?
- फोटो : PKL OFFICE
पंचकूला। हरियाणा रोडवेज हड़ताल के कांट्रैक्टर पर लगाए गए चालक व परिचालक दो अगस्त को परिवार सहित विधानसभा का घेराव करेंगे। वर्ष 2018 में हरियाणा रोडवेज की राज्यव्यापी हड़ताल में लगाने के बाद चालक व परिचालक को हटा दिया गया था। इसे लेकर हटाए गए समस्त चालक व परिचालक अपने रोजगार को वापस पाने के लिए सेक्टर-5 धरनास्थल में बैठे हैं।
सरकार की तरफ से दो तीन बार बातचीत का आश्वासन मिला लेकिन कोई बातचीत नहीं हुई। अब हटाए गए समस्त हरियाणा के कर्मचारियों ने सर्वसम्मति से फैसला लिया है कि दो अगस्त को वह विधानसभा का घेराव करेंगे। यह जानकारी धरने का नेतृत्व रोशन मतलोड़ा, सूजेश पन्नू, अनीश, भान सिंह, अनिल कुमार, सतवीर व हरियाणा रोडवेज में लगी पहली महिला परिचालक शर्मिला ने संयुक्त बयान जारी करते हुए दी। उन्होंने बताया कि ठेके पर भर्ती किए कर्मचारियों ने सरकार का बुरे वक्त में साथ दिया था। लेकिन सरकार ने अपना मसला हल होते हुए हमें बाहर कर दिया। उन्होंने सरकार को चेतावनी दी कि अगर हम सभी कर्मचारियों को दोबारा ड्यूटी पर नहीं लिया गया तो सभी कर्मचारी दो अगस्त को पूरे परिवार के साथ विधानसभा का घेराव करेंगे। फिर भी सुनवाई नहीं हुई तो यह आंदोलन लगातार जारी रहेगा।