सेक्टर 20 सेब मार्केट में पूछताछ करती पुलिस।
- फोटो : PKL OFFICE
पंचकूला। सेक्टर-20 स्थित सेब मंडी में वीरवार सुबह करीब साढ़े पांच बजे एक ट्रक ड्राइवर की दो ट्रकों के बीच दबने से मौत हो गई। ट्रकों के बीच फंसे ड्राइवर की चीख सुनकर पास में खड़ा एक व्यक्ति तुरंत ट्रक ड्राइवर के पास पहुंचा और बैक किए जा रहे ट्रक को आगे करने को कहा। ड्राइवर के ट्रक आगे करने पर बीच में फंसा ड्राइवर नीचे गिर गया। आसपास के लोगों ने उसे उठाकर एक दुकान के आगे लिटाकर पानी पिलाने का प्रयास किया, लेकिन सांस नहीं आने से ड्राइवर की मौत हो गई। मृतक की पहचान उत्तर पश्चिमी दिल्ली के थाना बवाना के अंतर्गत प्राइमरी स्कूल हरवेली की गली नंबर-2 निवासी एवं अंबाला स्थित डीएचएल कंपनी के ड्राइवर राम चंद्र के रूप में हुई है।
हादसे के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई। आरोपी ड्राइवर ट्रक को मौके पर छोड़कर फरार हो गया। सूचना पाकर स्थानीय थाने के पुलिसकर्मी मौके पर पहुंचे और घटनास्थल की जांच करने समेत चश्मदीद व अन्य लोगों से पूछताछ की। फरार आरोपी ट्रक चालक की पहचान राजस्थान के जिला चुरू के थाना रतनगढ़ के पावर हाउस मार्ग, वार्ड नंबर 2 निवासी गगन सिंह के रूप में बताई गई। पुलिस ने राम चंद्र के शव को सिविल अस्पताल-6 की मॉर्चरी में रखवाया।
वहीं, डीएचएल कंपनी से राम चंद्र की मौत की खबर लगने पर उसका बेटा शीशपाल उर्फ हिमांशु अपने रिश्तेदारों के साथ सेब मंडी में पहुंचा। थाना पुलिस ने ट्रक ड्राइवर गगन सिंह पर केस दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है। शिकायतकर्ता शीशपाल ने पुलिस को बताया कि उन्हें सेब मंडी में हादसे के समय मौके पर मौजूद एक चश्मदीद, हिमाचल प्रदेश के जिला ऊना निवासी किशन मिला। चश्मदीद ने बताया कि राम चंद्र डीएचएल कंपनी के ट्रक (एमएच04जेके-4972) को सेब मंडी लेकर आए थे। वह अपने ट्रक को एकतरफ खड़ा कर दूसरे ट्रक (एमएच04जेके-7145) को बैक करवाकर पार्किंग में लगवा रहे थे, लेकिन ड्राइवर की लापरवाही के कारण राम चंद्र उक्त ट्रक और पास में खड़े एक अन्य ट्रक के बीच फंस गए। गंभीर रूप से चोटिल होने और सांस नहीं आने के कारण उनकी मौत हो गई।