चंडीगढ़। पंजाब रोडवेज की बसों को दिल्ली एयरपोर्ट तक ले जाने की तैयारियां पूरी हो गई हैं। 15 जून से पंजाब से सरकारी बसें दिल्ली एयरपोर्ट के लिए रवाना होंगी।
सूत्रों के मुताबिक इसके लिए कई जिलों में ऑनलाइन बुकिंग का काम शुरू हो गया है। अभी तक पंजाब से दिल्ली तक निजी कंपनियों की बसें ही एयरपोर्ट पर चलाई जातीं थीं। विपक्ष में बैठने के दौरान कई बार आम आदमी पार्टी ने निजी कंपनियों की बसों का संचालन रद्द कर सरकारी बसों को चलाने की मांग की थी। नेताओं ने दावा किया था कि जब आप की सरकार राज्य में बनेगी तो वह निजी बसों के संचालन पर रोक लगाएगी। अब राज्य में आप की सरकार बन चुकी है, जिसके बाद दोनों राज्यों के बीच कई दौर की वार्ता के बाद पंजाब से दिल्ली तक सरकारी बसों के संचालन को लेकर सहमति बनी। अब कई दौर की वार्ता के बाद पंजाब में परिवहन विभाग इसे अमलीजामा पहनाना शुरू कर दिया है। अमृतसर, जालंधर, लुधियाना और पटियाला जिलों में पंजाब से दिल्ली तक के सफर के लिए ऑनलाइन बुकिंग शुरू कर दी गई है।
लग्जरी वॉल्वो में होगा सफर
पंजाब से दिल्ली एयरपोर्ट तक जाने वाली बसों का सफर काफी आनंददायक होगा। इसके लिए परिवहन विभाग की ओर से लग्जरी वॉल्वो बनाए गए हैं। कुछ जिलों में अभी इन पर काम जारी है, जिन जिलों में वॉल्वो तैयार हो गईं हैं वहां सफर के लिए ऑनलाइन बुकिंग शुरू कर दी गई है।