पंचकूला। 12 सितंबर को एचसीएस व अलाइड सर्विस की होने वाली लिखित परीक्षा को लेकर अतिरिक्त उपायुक्त मोहम्मद इमरान रजा की अध्यक्षता में सभी सेंटरों के सुपरवाइजरों की लघु सचिवालय सभागार में बैठक हुई। जिसमें हरियाणा लोक सेवा आयोग के सदस्य आनंद शर्मा भी उपस्थित थे।
मोहम्मद इमरान रजा ने बताया कि एचसीएस की लिखित परीक्षा रविवार सुबह 10 से दोपहर 12 बजे और शाम 3 से 5 बजे तक दो चरणों में होगी। उन्होंने बताया कि इसके लिए जिला पंचकूला में 47 सेंटर बनाए गए हैं, जिसमें पंचकूला में 40 और कालका में सात सेंटर शामिल है। उन्होंने बताया कि इस दिन परीक्षार्थियों के साथ साथ परीक्षा केंद्र पर ड्यूटी दे रहे सभी अधिकारियों व कर्मचारियों के लिए मोबाइल निषेध होगा।
इस दिन सेंटरों के आसपास फोटो स्टेट की दुकानें व कोचिंग सेंटरों को सुबह 9 से शाम 6 बजे तक खोलने की अनुमति नहीं होगी। उन्होंने सभी सेंटरों के सुपरवाइजरों को परीक्षा से संबंधित आवश्यक निर्देश दिए। उन्होंने परीक्षार्थियों से अपील की परीक्षा के लिए एडमिट कार्ड पर दिए गए आवश्यक निर्देशों को ध्यान से पढे़ं और समय पर सेंटर पहुंचकर अपनी परीक्षा में शामिल हों। उन्होंने कहा कि परीक्षार्थी कोविड-19 के नियमों का पालन कर मास्क जरूर पहनकर आएं।