पटियाला: दो दिन में तीन केस, सेहत विभाग अलर्ट
पटियाला में दो दिन में तीन कोरोना संक्रमित केस आने और तीनों मरीजों में बुखार, खांसी आदि कोई लक्षण न दिखने पर सेहत विभाग अलर्ट हो गया है। विभाग ने सरकारी माता कौशल्या अस्पताल में 37 बेड का विशेष आइसोलेशन वार्ड स्थापित किया है। इसके अलावा नाभा, राजपुरा व समाना के सिविल अस्पतालों में भी कोरोना मरीजों के इलाज के लिए 30-30 बिस्तर रखे हैं।
सभी निजी क्लीनिकों, नर्सिंग होम्स व अस्पतालों को कोरोना के संदिग्ध मरीज के आने पर तुरंत सैंपलिंग कराने का निर्देश जारी किया गया है। रविवार को कोरोना के दो और सोमवार को कोरोना का एक पॉजिटिव केस सामने आया है। इन मरीजों की आयु 22 से 45 साल के बीच है। तीनों मरीजों में बुखार, खांसी व जुकाम के कोई लक्षण नहीं हैं।
विभाग के अधिकारियों के मुताबिक इन मरीजों को बाहर जाना था, जिस वजह से कोरोना जांच कराई थी। फिलहाल इन्हें घर में आइसोलेट किया गया है। सेहत विभाग के जिला एपिडिमोलोजिस्ट डॉ. सुमित सिंह ने बताया कि सरकारी राजिंदरा अस्पताल में गंभीर कोरोना मरीजों के इलाज के लिए आईसीयू वार्ड स्थापित किया जा रहा है। इसमें लेवल-3 के मरीजों का इलाज किया जाएगा।
नहीं बढ़ रही सैंपलिंग, सोमवार को 170 का हुआ टेस्ट
कोरोना की रोकथाम के लिए जारी दिशानिर्देशों के बावजूद जिले में कोविड सैंपलिंग रफ्तार पकड़ नहीं पा रही है। सोमवार को भी केवल 170 संदिग्धों का टेस्ट किया गया है। डॉ. सुमित सिंह का कहना है कि केवल बुखार वाले मरीजों की ही सैंपलिंग हो रही है। हर संदिग्ध की सैंपलिंग करना संभव नहीं है।