पंचकूला। आजादी का अमृत महोत्सव के दृष्टिगत हरियाणा राज्य औषधीय पादप बोर्ड, वन विभाग और आयुष विभाग के सहयोग से 1 सितंबर को राजकीय आयुर्वेदिक औषधालय-कम-पंचकूर्मा केंद्र सेक्टर-9 में आयुष आपके द्वार महोत्सव का आयोजन किया जाएगा। हरियाणा स्वास्थ्य एवं आयुष विभाग के अतिरिक्त मुख्य सचिव राजीव अरोड़ा महोत्सव का बतौर मुख्यातिथि उद्घाटन करेंगे।
जिला आयुर्वेद अधिकारी डॉ. दिलीप कुमार मिश्रा ने बताया कि महानिदेशक आयुष विभाग-कम-मुख्य कार्यकारी अधिकारी राज्य औषधीय पादप बोर्ड हरियाणा सुजान सिंह यादव के नेतृत्व में इस महोत्सव का आयोजन किया जाएगा। इस अवसर पर हरियाणा आयुष विभाग की निदेशक डॉ. संगीता नेहरा भी उपस्थित रहेंगी। उन्होंने बताया कि महोत्सव का उद्देश्य घर-घर तक औषधीय पौधों के लाभों की जानकारी पहुंचाना व औषधीय पौधों को लगाने के लिए जनसाधारण को प्रेरित करना है।
इस उद्देश्य को कार्यान्वित करने के लिए लगभग 100 घरों में लोगों को एलोवेरा, नीम, बेल, पत्तर, अमरूद, अर्जुन, अश्वगंधा, जामुन, कढ़ी पत्ता, आंवला, तुलसी, गिलोय इत्यादि औषधीय पौधे वितरित किए जाएंगे। इससे वे अपनी दिनचर्या में औषधीय पौधों का उपयोग कर स्वास्थ्य लाभ उठा सकेंगे।