अमर उजाला ब्यूरो
पटियाला। फर्जी सीआईए मुलाजिम बनकर नौजवान को अगवा करके उसके परिवार से पैसे मांगने का मामला सामने आया है। थाना लाहौरी गेट पुलिस ने मामले में चार आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज करके उन्हें गिरफ्तार कर लिया है।
बलजीत कौर निवासी न्यू बिशन नगर पटियाला की ओर से पुलिस को दी गई शिकायत के मुताबिक 25 मई को दोपहर 12 बजे उसका लड़का गुरप्रीत सिंह यह कहकर घर से चला गया कि वह दोस्त से मिलने के लिए जा रहा है। करीब आधे घंटे के बाद महिला को उसके लड़के के मोबाइल से फोन आया। फोन पर कालर कोई अज्ञात व्यक्ति था, जिसने खुद को सीआईए का मुलाजिम बताया और कहा कि गुरप्रीत सिंह को नशा बेचने के शक में पकड़ा गया है। उक्त व्यक्ति ने गुरप्रीत सिंह को छुड़ाने के लिए 20 हजार रुपये की मांग की। महिला ने कालर को पैसे देने के लिए हामी भर दी।
महिला को पैसे लेकर एसएसटी नगर में एक होटल के पास आने के लिए कहा गया। बलजीत कौर जब बताई गई जगह पर जब पैसे लेकर गई तो वहां मोटरसाइकिल पर दो नौजवान पहुंचे। इन नौजवानों ने कहा कि उन्हें पैसे लेने के लिए संदीप बाउंसर ने भेजा है। जिस पर महिला ने 20 हजार रुपये दे दिए और अपने लड़के का मोबाइल फोन ले लिया। कुछ समय के बाद महिला का लड़का पैदल वहां आ गया। गुरप्रीत सिंह ने बताया कि वह एसएसटी नगर की मेन मार्केट में खड़ा था और इसी दौरान संदीप व बिट्टू नाम के लड़कों ने खुद को सीआईए मुलाजिम बताकर उसे धक्के से स्कूटी पर बिठा लिया। आरोपी उसे छोटी नदी के पास ले गए और मारपीट करके मोबाइल फोन और करीब 2600 रुपये लूट लिए। बाद में जांच करने पर पता चला कि संदीप सीआईए मुलाजिम नहीं है, जिसने अपने साथियों के साथ मिलकर इस वारदात को अंजाम दिया है।