संवाद न्यूज एजेंसी
अमृतसर। विजिलेंस ब्यूरो ने अमृतसर जिले के सब-डिवीजन जस्तरवाल में तैनात पीएसपीसीएल के लाइनमैन हरदीप सिंह को पंद्रह हजार रुपए की रिश्वत लेने के आरोप में गिरफ्तार किया है। ब्यूरो के प्रवक्ता ने बताया कि उक्त आरोपी को जिले की तहसील लोपोके के गांव मुहारा के निवासी की ओर से मुख्यमंत्री भ्रष्टाचार विरोधी एक्शन लाइन पर दर्ज करवाई शिकायत के आधार पर काबू किया है।
शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया था कि तूफान में उसके खेतों में लगा बिजली का ट्रांसफार्मर गिर गया था। इसे ठीक करने के बदले में उक्त लाइनमैन ने उससे पंद्रह हजार रुपये की रिश्वत मांगी। प्रवक्ता ने बताया कि शिकायत की जांच से पता चला कि आरोपी ने शिकायतकर्ता से पंद्रह हजार रुपये रिश्वत मांगी थी। पांच हजार रुपए नकद लिए थे। 10 हजार रुपये गूगल पे के माध्यम से लिए थे। आरोपी के विरुद्ध सतर्कता ब्यूरो के पुलिस थाना अमृतसर रेंज में भ्रष्टाचार निवारण कानून के तहत केस दर्ज कर उसे गिरफ्तार किया गया।