संवाद न्यूज एजेंसी
पंचकूला। पुलिस लाइन में सोमवार को जनरल परेड आयोजित की गई। इसमें पंचकूला पुलिस के अधिकारियों और जवानों ने अनुशासन, शारीरिक फिटनेस और आपात स्थिति में त्वरित कार्रवाई की क्षमता का प्रदर्शन किया। परेड कमांडर एसीपी दिनेश कुमार ने सलामी ली। पुलिसकर्मियों ने ड्रिल और मार्च पास्ट के बाद सामूहिक दौड़ में हिस्सा लिया।
परेड निरीक्षण के दौरान एसीपी दिनेश कुमार ने ईआरवी और राइडर टीमों को आपात स्थिति में कम से कम समय में घटनास्थल पर पहुंचकर प्रभावी कार्रवाई के निर्देश दिए। उन्होंने फील्ड ड्यूटी में आमजन के साथ संवेदनशील व्यवहार पर भी जोर दिया। पुलिस वाहनों में फर्स्ट एड किट की जांच कर पुलिसकर्मियों से आपात स्थिति में प्राथमिक सहायता देने का डेमो भी करवाया गया।
डीसीपी अदिति सिंह ने कहा कि जनरल परेड पुलिस बल के अनुशासन, फिटनेस और कार्यकुशलता को मजबूत करने का माध्यम है। पुलिस हर परिस्थिति में आमजन की सुरक्षा के लिए सतर्क और सक्षम रहे, यही उद्देश्य है।