चंडीगढ़। अपराध और गैरकानूनी गतिविधियों पर रोक लगाने के लिए हरियाणा पुलिस क्लीन हरियाणा अभियान शुरू करने जा रही है। गृह मंत्री अनिल ने पुलिस के आला अधिकारियों को इसके लिए निर्देश दिए हैं। विज ने अपराधियों को चेतावनी देते हुए कहा कि गलत काम करना छोड़ दो या हरियाणा छोड़ दो, क्योंकि प्रदेश में अपराधियों के लिए कोई स्थान नहीं है। विज ने कहा कि हार्डकोर क्रिमिनल की पहचान करनी है। इसके अलावा, जुआ खेलने वाले, सट्टे का काम करने वाले, नशे के कारोबार में संलिप्त लोगों के साथ-साथ अवैध शराब बेचने वाले लोग हर शहर में होते हैं जो समाज में कानून व्यवस्था को खराब करने का काम करते हैं। उन्होंने कहा कि अवैध कारोबार के माध्यम से जो धनराशि आती है उससे अवैध हथियार लेने का काम होता है और प्रदेश में गिरोह (गैंग) बनते हैं जिससे प्रदेश की कानून व्यवस्था खराब होती है। विज ने जनता से भी इस अभियान में साथ देने की अपील की है।
औचक जांच के लिए मुख्यालय स्तर पर गठित की पुलिस टीमें
विज ने बताया कि क्लीन हरियाणा अभियान के अंतर्गत पुलिस महानिदेशक मुख्यालय स्तर पर तीन या चार पुलिस की टीमों का गठन करेंगे। हरियाणा के हर गांव, हर पुलिस थाना के क्षेत्र में औचक जांच की जाएगी और जिस थाना क्षेत्र में अवैध कारोबार और अवैध गतिविधियों में संलिप्त लोग पाए जाएंगे, तो उस थाना क्षेत्र के अधिकारियों के विरुद्ध कार्रवाई की जाएगी। इसके पश्चात पुलिस महानिदेशक रिपोर्ट तैयार करके गृह मंत्री को भेजेंगे। यदि निर्देश देने के बावजूद भी जिस थाना क्षेत्र के एसएचओ, एसपी, सीपी के क्षेत्र में अवैध कारोबार करने वाले लोग मिलेंगे तो उनका ही दायित्व होगा और उसके बाद गृहमंत्री अपने स्तर पर निर्णय लेकर आगे की कार्रवाई करेंगे।
अपराधियों के दिलो-दिमाग में अपराध के प्रति भय पैदा हो
विज ने कहा कि वह चाहते हैं कि अपराधियों के दिलो-दिमाग में भय पैदा हो ताकि अपराध करने से पहले ऐसे अपराधियों की रूह कांप जाए। अपराध पर रोकथाम लगाने के लिए क्राइम से संबंधित एक पोर्टल तैयार किया जाएगा जिसके बाद हर संबंधित पुलिस अधिकारी अपने स्तर पर पोर्टल के माध्यम से क्राइम के मामले की जानकारी देख सकेगा और उस अमुक मामले पर संबंधित अधिकारी द्वारा आगामी कार्रवाई भी की जाएगी।
अवैध हथियारों के तहत 297 मामले दर्ज, 323 लोगों को किया गिरफ्तार
हरियाणा में एक जनवरी से 15 जनवरी, 2022 के दौरान अवैध हथियार की धरपकड़ के लिए चलाए गए अभियान के तहत कुल 297 मामले दर्ज किए गए। इसके तहत 323 लोगों को गिरफ्तार किया गया। ऐसे ही, गृहमंत्री ने बताया कि हरियाणा में जुआ, सट्टा, नशे के कारोबार और अवैध शराब में संलिप्त लोगों के खिलाफ अभियान के तहत कुल 1038 पुलिस टीमों का गठन किया गया। इस दौरान 5682 छापे मारे गए, जिसके तहत 2446 मामले दर्ज किए गए और 2664 लोगों को गिरफ्तार किया गया। इन लोगों से 27. 31 लाख रुपये बरामद किए गए। साथ ही 64 पिस्तौल और 64 कारतूस भी बरामद किए गए।