पंचकूला। खड़क मंगोली में पिछले दिनों तीन लोगों की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई थी। उसके बाद से पुलिस शहर में नशे को लेकर अभियान चलाकर नशा तस्करों को गिरफ्तार कर रही है। मंगलवार शाम को सूरज थिएटर के पास से दो युवक हेरोइन बेच रहे थे। क्राइम ब्रांच की टीम ने आरोपियों को गिरफ्तार कर तीन दिन की पुलिस रिमांड लिया है। आरोपियों की पहचान रिषु भारद्वाज और देवेंद्र राणा हिमाचल प्रदेश निवासी के रूप में हुई है। रिषु के पास से 7.28 ग्राम हेरोइन और देवेंद्र के पास से 9.48 ग्राम हेरोइन हुआ है। दोनों आरोपियों को पुलिस ने बुधवार को अदालत में पेश कर 3 दिन का रिमांड लिया है। रिमांड के दौरान आरोपियों से नशा तस्कर गिरोह के बारे में पता किया जाएगा। वह कहां से हेरोइन खरीद कर लाते हैं और किस-किस को बेचता है, उसकी भी जानकारी आरोपियों से जुटाई जाएगी। अलीपुर में अफीम बेचते एक युवक को पुलिस ने दबोचा
सेक्टर-19 क्राइम ब्रांच की टीम को अलीपुर में भी एक युवक द्वारा अफीम बेचने की सूचना मिली थी। टीम द्वारा मंगलवार की शाम करीब 6 बजे अलीपुर में पहुंचकर उक्त आरोपी को दबोचा और उक्त युवक के पास से तलाशी के दौरान 390 ग्राम अफीम मिली। आरोपी की पहचान हिमांशु शर्मा गांव कामी चंडीमंदिर निवासी के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ चंडीमंदिर पुलिस थाना में एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया। बुधवार को आरोपी को अदालत में पेश कर एक दिन का रिमांड लिया है।
खड़क-मंगोली नशे का व्यापार मिटाने के लिए पुलिस ने बढ़ाई गश्त, 10 संदिग्ध हिरासत में
खड़क मंगोली में पिछले दिनों तीन दिन में तीन लोगों की संदिग्ध परिस्थिति में मौत होने के बाद पुलिस द्वारा पुलिस की गश्त बढ़ा दी गई है। ओल्ड पंचकूला के खड़क मंगोली में आने जाने वाले रास्तों के पास पुलिसकर्मियों को तैनात किया गया है। क्राइम ब्रांच की टीम द्वारा पिछले दो दिनों में लगातार छापेमारी कर करीब 10 से ज्यादा लोगों को हिरासत में लेकर में पूछताछ की जा रही है। खड़क मंगोली में नशा के व्यापार को जड़ से मिटाने के लिए पुलिस की ओर से रोजाना चेकिंग व संदिग्ध व्यक्तियों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।