चंडीगढ़। पंजाब विधानसभा चुनाव में तीन दलों के गठबंधन का नेतृत्व कर रही भाजपा ने प्रचार के अंतिम चरण में अपने अभियान को ऊंचाई देने किए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की तीन फिजिकल रैली आयोजित करने की रणनीति तय की है। इन तीन रैलियों से विधानसभा क्षेत्रों को वर्चुअली भी जोड़ा जाएगा। इस तरह मोदी तीन फिजिकल रेलियों के जरिये 100 से अधिक विधानसभा क्षेत्रों को संबोधित करेंगे।
इस विधानसभा चुनाव में सीट बंटवारे से पूर्व मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह की पार्टी पंजाब लोक कांग्रेस (पीएलसी) और सुखदेव सिंह ढींढसा के नेतृत्व वाला संयुक्त अकाली दल भी गठबंधन में शामिल है। तीनों दलों के नेता और प्रत्याशी चुनाव प्रचार में जुटे हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की तीन फिजिकल रैलियों के आयोजन की योजना का खुलासा पंजाब में भाजपा के चुनाव प्रचार के प्रभारी डॉक्टर संजय शर्मा और सह प्रभारी सुदेश कटारिया ने किया। उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री मोदी की पहली फिजिकल रैली 14 फरवरी को दोपहर बाद दो बजे जालंधर में होगी। इससे नकोदर, शाहकोट, फिल्लौर, आदमपुर, करतारपुर, जालंधर पश्चिम, जालंधर मध्य, जालंधर उत्तर, जालंधर छावनी, बंगा, फगवाड़ा, होशियारपुर, शाम चौरासी संबोधित किए जाएंगे। इसी फिजिकल रैली से वर्चुअली आनंदपुर साहिब लोकसभा क्षेत्र के गढ़शंकर, नवांशहर, बलाचौर, आनंदपुर साहिब, रूपनगर, चमकौर साहिब, खरड़ और एसएएस नगर को प्रधानमंत्री संबोधित करेंगे।
फरीदकोट लोकसभा क्षेत्र के निहाल सिंह वाला, बाघापुराना, मोगा, धर्मकोट, गिद्दड़बाहा, फरीदकोट, कोटकपूरा और जैतो को वर्चुअली संबोधित किया जाएगा। इसी तरह पटियाला लोकसभा क्षेत्र के नाभा, समाना, शुतराना, राजपुरा, गनौर, सनौर, पटियाला ग्रामीण, पटियाला शहर और डेराबस्सी विधानसभा क्षेत्र वर्चुअली संबोधित किए जाएंगे।
कटारिया ने बताया कि इसके बाद 16 फरवरी को दोपहर 12 बजे प्रधानमंत्री पठानकोट में फिजिकल रैली को संबोधित करेंगे। इसमें विधानसभा क्षेत्र सुजानपुर, भोआ, पठानकोट, गुरदासपुर, दीनानगर, कादियां, डेरा बाबा नानक, बटाला, फतेहगढ़ चूड़ियां, मुकेरियां और दसुआ विधानसभा क्षेत्र संबोधित किए जाएंगे। इसके साथ वर्चुअल तौर पर अमृतसर लोकसभा क्षेत्र के अजनाला, मजीठा, राजासांसी, अटारी, अमृतसर उत्तर, अमृतसर पश्चिम, अमृतसर मध्य, अमृतसर पूर्व और अमृतसर दक्षिण विधानसभा क्षेत्र संबोधित किए जाएंगे। तरनतारन लोकसभा क्षेत्र के जंडियाला, तरनतारन, खेमकरन, पट्टी, खडूर साहिब, बाबा बकाला, कपूरथला, सुल्तानपुर लोधी और जीरा विधानसभा क्षेत्र वर्चुअली संबोधित किए जाएंगे। होशियारपुर लोकसभा क्षेत्र के श्री हरगोबिंदपुर, भुल्लथ, फगवाड़ा और चब्बेवाल विधानसभा क्षेत्र वर्चुअली संबोधित किए जाएंगे।
फिरोजपुर में 17 फरवरी को प्रधानमंत्री फिजिकल रैली को संबोधित करेंगे। इसमें फिरोजपुर शहर, फिरोजपुर ग्रामीण, गुरु हरसहाय, जलालाबाद, फाजिल्का, अबोहर, मलोट और मुक्तसर फिजिकल भागीदारी से संबोधित किए जाएंगे। इसके साथ वर्चुअली बठिंडा लोकसभा क्षेत्र के लंबी, भुचो मंडी, बठिंडा शहर, बठिंडा ग्रामीण, तलवंडी साबो, मौड़, मानसा और बुढ़लाडा विधानसभा क्षेत्रों को संबोधित करेंगे। इसके साथ संगरूर लोकसभा क्षेत्र के विधानसभा क्षेत्र लहरा, सुनाम, भदौड़, बरनाला, महलकलां, मालेरकोटला, धुरी और संगरूर विधानसभा क्षेत्र को वर्चुअली संबोधित करेंगे।