गोलू पंडित के 141 रन और विनोद माछरा के छह विकेट से सेमीफाइनल में शानदार जीत
संवाद न्यूज एजेंसी
पंचकूला। दिल्ली पब्लिक स्कूल में खेले गए जूनून क्रिकेट टूर्नामेंट के सेमीफाइनल मुकाबले में पीकेएल पैंथर्स ने दमदार प्रदर्शन करते हुए ट्राइसिटी हरिकेन को 61 रन से हराकर फाइनल में जगह बना ली। मुकाबले में बल्लेबाजों ने चौकों और छक्कों की जमकर बरसात की।
टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए पीकेएल पैंथर्स ने 20 ओवर में तीन विकेट पर 295 रन का विशाल स्कोर खड़ा किया। टीम की ओर से गोलू पंडित ने विस्फोटक बल्लेबाजी करते हुए 53 गेंदों में 141 रन बनाए। उनकी पारी में कई चौके और लंबे छक्के शामिल रहे। अंकित ठाकुर ने भी 81 रन की शानदार पारी खेलकर टीम को मजबूत स्थिति में पहुंचाया।
ट्राइसिटी हरिकेन की ओर से राकेश, रॉबी और शुभम ने एक-एक विकेट हासिल किया, लेकिन पैंथर्स के बल्लेबाजों को ज्यादा देर तक नहीं रोक सके।
296 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी ट्राइसिटी हरिकेन की टीम ने अच्छी शुरुआत की, लेकिन लगातार विकेट गिरने से टीम दबाव में आ गई। पूरी टीम 20 ओवर में 234 रन बनाकर ऑलआउट हो गई। सागर पंडित ने 65 रन, लवप्रीत ने 41 और अर्पित ने 45 रन की पारी खेली।
पीकेएल पैंथर्स की ओर से विनोद माछरा ने शानदार गेंदबाजी करते हुए चार ओवर में 33 रन देकर छह विकेट झटके। उनकी घातक गेंदबाजी ने मैच का रुख पूरी तरह बदल दिया। धमाकेदार बल्लेबाजी के लिए गोलू पंडित और शानदार गेंदबाजी के लिए विनोद माछरा को मैन ऑफ द मैच चुना गया।