कालका रेलवे ग्राउंड के पास दबोचे आरोपी, छीने गए दोनों मोबाइल भी बरामद
संवाद न्यूज एजेंसी
कालका। राह चलते लोगों से मोबाइल फोन छीनकर फरार होने वाले तीन आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से छीने गए दोनों मोबाइल फोन भी बरामद किए हैं।
पुलिस प्रवक्ता के अनुसार आठ मई को कालका निवासी एक युवक ने शिकायत दी थी कि वह शाम करीब छह बजे अपने दोस्त के साथ मंडी में सामान लेने गया था। इसी दौरान तीन युवक उनके पास आए और छीना-झपटी कर दोनों के मोबाइल फोन छीनकर फरार हो गए।
शिकायत के आधार पर थाना कालका में मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई। मामले की जांच मुख्य सिपाही वासुदेव द्वारा की गई। पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए थाना प्रभारी इंस्पेक्टर मनसा राम की अगुवाई में रेलवे ग्राउंड कालका के पास से तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान महरु निवासी गुजराती कॉलोनी अंबाला कैंट, हाल निवासी खेड़ा कुराड़ी मोहल्ला कालका, मेहरु उर्फ सागर निवासी कुराड़ी मोहल्ला कालका और राहुल कुमार निवासी फ्रेंड्स कॉलोनी, जिला पंचकूला के रूप में हुई है।