पंचकूला। लगातार बढ़ती गर्मी के बीच सेक्टर-6 सिविल अस्पताल में चल रहे सेंट्रलाइज एसी इंस्टॉलेशन कार्य के कारण मरीजों और उनके तीमारदारों की परेशानी बढ़ गई है। इमरजेंसी वार्ड में एसी का काम अभी पूरा नहीं हो सका है, जबकि कई जगहों से पंखे भी हटा दिए गए हैं, जिससे उमस और गर्मी का असर और अधिक बढ़ गया है।
रविवार को इमरजेंसी वार्ड में भर्ती मरीजों और परिजनों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। दोपहर के समय वार्ड में उमस बढ़ने से मरीज बेचैन दिखाई दिए। खासकर बच्चे, बुजुर्ग और महिला मरीज अधिक परेशान रहे। तीमारदारों को हाथ के पंखों और कागज से हवा कर मरीजों को राहत देने की कोशिश करनी पड़ी।
अस्पताल में पीडब्ल्यूडी विभाग की ओर से सेंट्रलाइज एसी लगाने का कार्य चल रहा है, लेकिन काम समय पर पूरा न होने से हालात बिगड़ रहे हैं। मरीजों के परिजनों का कहना है कि 40 डिग्री से अधिक तापमान में अस्पताल के भीतर भी राहत नहीं मिल पा रही है।
मोरनी निवासी सुरेश कुमार और राजेश ने बताया कि गर्मी और उमस के कारण मरीजों का हाल बेहाल है। वहीं इंदिरा कॉलोनी निवासी सीमा देवी ने कहा कि बच्चों के वार्ड में स्थिति और भी खराब है।
पंखे दोबारा लगाए जा रहे हैं और एसी इंस्टालेशन का काम जल्द पूरा कर लिया जाएगा।- डॉ. आरएस चौहान, पंचकूला पीएमओ