पंचकूला। सेक्टर-5 स्थित एक होटल के पीछे बनी पार्किंग में रविवार सुबह कार चलाना सीख रहे एक व्यक्ति की गाड़ी अनियंत्रित होकर झुग्गी में रहने वाले लोगों के पास जा पहुंची। इस दौरान वहां मौजूद एक छोटी बच्ची कार की चपेट में आ गई, जबकि दूसरी बच्ची को मामूली चोटें आईं। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार चालक ने बच्ची को बचाने का प्रयास किया, लेकिन कार का संतुलन बिगड़ गया और पेड़ से टकरा गई। हादसे के बाद मौके पर हंगामा हो गया और बच्ची के परिजनों ने चालक के साथ हाथापाई कर दी, जिसमें उसे भी चोटें आईं। सूचना मिलने पर डायल-112 और पुलिस टीम मौके पर पहुंची तथा घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया। देर शाम सेक्टर-5 थाना में दोनों पक्षों के बीच आपसी समझौता हो गया।