पंचकूला। शहर के विभिन्न सेक्टरों में बने पार्कों को यूरोपियन देशों के सुंदर पार्कों की तर्ज पर विकसित करने की पंचकूला नगर निगम ने कवायद शुरू कर दी है। नगर निगम की ओर से एक एकड़ से ज्यादा बड़े पार्कों को नए डिजाइन में तैयार करके इन्हें री-डेवलप किया जा रहा है। शहर में एक एकड़ से ज्यादा एरिया वाले करीब 56 पार्क हैं जिन्हें री-डिजाइन कराया जाएगा। इसकी शुरुआत सेक्टर-6 में हो चुकी है। यह जानकारी पंचकूला के महापौर कुलभूषण गोयल ने बुधवार को दी। उन्होंने बताया कि नगर निगम के अधिकारियों को नए डिजाइन में पार्कों को डेवलप कर लोगों को बेहतर सुविधाएं देने का निर्देश दिया गया है। अभी सेक्टर-6 आईएएस अधिकारियों के मकानों के पास बने पार्क के ट्रैक को सिंथेटिक ट्रैक में बदलने का काम जोरों पर चल रहा है। इस पार्क के पूरी तरह तैयार होने के बाद शहर के अन्य पार्कों में भी ऐसी सुविधाएं दी जाएंगी।
सिंथेटिक जॉगिंग ट्रैक के साथ बनाए जाएंगे दो बैडमिंटन कोर्ट भी
महापौर कुलभूषण गोयल ने बताया कि नए डिजाइन पार्कों में वॉटर बॉडी, हार्ड सरफेस वॉकिंग ट्रैक, सिंथेटिक जॉगिंग ट्रैक सहित दो बैडमिंटन कोर्ट भी बनाए जाएंगे। पार्क के एक कोने में बच्चों के लिए प्ले एरिया और ओपन एयर जिम के साथ झूले भी लगे होंगे। इससे शहर निवासियों को अपने घर के नजदीक ही स्पोर्ट्स एक्टिविटी की सुविधा भी मिलेगी। पार्क में ग्रीनरी के बीचोबीच लोगों के बैठने की सुविधा होगी। पौधों के लिए बढ़िया गमले होंगे और पार्क में पैदल चलने के लिए बने रास्तों पर लगे लैंप पोस्ट के साथ-साथ पाथ डेकोरेशन लाइट्स लगेंगी।
25 लाख रुपये पार्क डेवलपमेंट कमेटियों को दे रहा निगम
कुलभूषण गोयल ने बताया कि निगम एरिया में इस वक्त कुल 276 पार्क हैं। इनमें से 241 पार्कों को पार्क डेवलपमेंट कमेटियों का गठन कर डेवलप किया गया है। इन कमेटियों में पार्क के आसपास रहने वाले घरों के लोगों को शामिल किया गया है। इन पार्कों को डेवलप करने के लिए निगम हर महीने पेमेंट दे रहा है। पहले पार्क डेवलपमेंट कमेटियों के सदस्यों को पार्क डेवलप करने के लिए तीन रुपये प्रति स्क्वेयर मीटर प्रतिमाह के हिसाब से पेमेंट दी जाती थी, जिसे जुलाई, 2021 में हुई हाउस बैठक में बढ़ा दिया गया है। अब एक एकड़ से कम एरिया में बने पार्कों को पांच रुपये प्रति स्क्वेयर मीटर प्रतिमाह और एक एकड़ से ज्यादा एरिया में बने पार्कों को चार रुपये प्रति स्क्वेयर मीटर के हिसाब से प्रतिमाह पेमेंट दी जा रही है। नगर निगम पहले पार्क डेवलपमेंट कमेटियों को हर माह करीब 17 लाख रुपये की पेमेंट कर रहा था, लेकिन अब प्रति स्क्वेयर मीटर के चार्जेस बढ़ने पर निगम हर महीने करीब 25 लाख रुपये पार्क डेवलपमेंट कमेटियों को दे रहा है। साल में करीब तीन करोड़ रुपये की पेमेंट पार्क डेवलपमेंट कमेटियों को हो रही है।