सेक्टर-6 स्थित एक पार्क का निर्माण ठेकेदार अधूरा छोड़कर भाग गया है। पार्क का काम अधर में होने के कारण आसपास के लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। कार्य न होने के कारण पार्क में लोग सैर नहीं कर पा रहे हैं। सेक्टर 6 में मकान नंबर 25 के सामने पार्क के चारों ओर रेलिंग लगाने का काम नगर निगम ने ठेकेदार गुरमीत सिंह को अलाट किया था। जिसे ठेकेदार ने 30 मई तक पूरा करना था।
ठेकेदार कुछ माह पूर्व इस पार्क में रेलिंग लगाने के लिए नींव खोदकर चला गया, लेकिन इसके बाद पार्क में रेलिंग लगाने के लिए नहीं आया। स्थानीय निवासी निगम कमिश्नर से लेकर स्थानीय पार्षद और एक्सईएन तक को गुहार लगा चुके हैं, लेकिन किसी ने सुनवाई नहीं की। बरसात से नींव में पानी भर गया है और पार्क में गंदगी व कीचड़ फैला हुआ है। जिसके चलते लोगों ने अपने खर्च पर इस नींव को भरवा दिया।
सेक्टर 6 निवासी अजयवीर सहगल, आरके आहूजा, वीरभान गोयल, धर्मवीर खन्ना, विनोद अग्रवाल, अशोक पसरीजा, डा. ओपी मुंजाल एवं विनोद कुमार सूद ने बताया कि इस पार्क की डेवलपमेंट का काम चार माह पूर्व शुरू हुआ था, लेकिन काम अभी तक पूरा नहीं हुआ है।
इस संबंध नगर निगम के जेई रविंद्र मलिक का कहना है कि काम काफी समय से पेंडिंग है। ठेकेदार ने काम शुरू करके बीच में ही छोड़ दिया है। उन्होंने कहा कि इस काम को जल्द शुरू करवाया जाएगा। पार्षद सीबी गोयल ने बताया कि ठेकेदार मनमर्जी कर रहे हैं। सेक्टर 6, 7, 8 में कई काम ठेकेदारों ने ठंडे बस्ते में डाल रखे हैं। कमिश्नर छुट्टी पर हैं और कोई सुनवाई करने वाला नहीं है।