फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

पैराग्लाइडिंग प्रतियोगिता के प्रतिभागियों का होगा बीमा, 20 जून को अंतरराष्ट्रीय योग दिवस पर मोरनी में होगा आयोजन

विज्ञापन
विज्ञापन
पंचकूला। मोरनी में होने वाली पैराग्लाइडिंग प्रतियोगिता के प्रतिभागियों का बीमा होगा। मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने उच्च अधिकारियों को इसके निर्देश दिए हैं। वह मंगलवार को यहां पंचकूला डेवलपमेंट प्लान की समीक्षा बैठक की अध्यक्षता कर रहे थे।
विज्ञापन

मुख्यमंत्री ने कहा कि मोरनी में आयोजित किए जाने वाले पैराग्लाइडिंग कार्यक्रम के हर आवश्यक मापदंड को समय से पूरा करें। इस खेल में काफी रिस्क रहता है इसलिए प्रतिभागियों के बीमा इत्यादि की सभी औपचारिकताएं पूरी करना बेहद जरूरी है। 20 जून को अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के उपलक्ष्य में होने वाले पैराग्लाइडिंग कार्यक्रम की शुरुआत को लेकर भी उन्होंने विस्तृत जानकारी ली। मुख्यमंत्री ने कहा कि इसके साथ ही ट्रैकिंग को बढ़ावा देने के लिए ऐसे रूट बनाएं, जिससे कि युवा शाम के समय आसानी से गंतव्य स्थल पर पहुंचें।
मुख्यमंत्री ने स्पीकर ज्ञानचंद गुप्ता को कहा कि उन्हें पंचकूला विधायक के नाते चंडीगढ़ एयरपोर्ट से पंचकूला की कनेक्टिविटी के विषय पर केंद्रीय सड़क परिवहन मंत्री से मिलना चाहिए ताकि प्रोजेक्ट जल्द सिरे चढ़ सके। बैठक में पंचकृला को मेडिकल और शैक्षणिक हब के रूप में विकसित करने की योजना पर भी विस्तार से चर्चा की गई। मुख्यमंत्री ने पंचकूला के महापौर कुलभूषण गोयल को विस्तृत रिपोर्ट तैयार करने के निर्देश दिए। मुख्यमंत्री ने पंचकूला को पर्यटन हब के रूप में विकसित करने के लिए गंभीरता से कार्य करने को कहा है। उन्होंने मोरनी की पेयजल समस्या का स्थायी समाधान निकालने के भी निर्देश दिए।
विज्ञापन

सड़कों के मजबूत नेटवर्क से सुगम होगा पर्यटन
मुख्यमंत्री ने मोरनी और टिक्करताल आदि स्थलों को जोड़ने के लिए सड़कों के मजबूत नेटवर्क की विस्तृत जानकारी अधिकारियों से ली एवं आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जिन विभागों की एनओसी की आवश्यकता है, वे उसे तेजी से लें। बैठक में पंचकूला से मांधना, मांधना से मोरनी, मोरनी से टिक्करताल और टिक्करताल से रायपुररानी तक सड़कों को मजबूत करने के लिए व्यापक चर्चा की गई। रामगढ़ से हिमाचल को जोड़ने वाली सड़क की विस्तृत परियोजना रिपोर्ट आगामी 15 दिनों में तैयार कर ली जाएगी।
नक्षत्र वाटिका, सुगंध वाटिका एवं राशि वन का शिलान्यास 5 जून को
बैठक के दौरान बताया गया कि पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए पंचकूला से मोरनी रोड़ के किनारे लगभग 20 एकड़ में नक्षत्र वाटिका, सुगंध वाटिका और राशि वन स्थापित किए जाएंगे। नक्षत्र वाटिका में सभी 27 नक्षत्रों से संबंधित पौधे लगेंगे। इसके साथ ही नक्षत्रों के बारे में विस्तृत जानकारी भी वाटिका में मिलेगी। वाटिका में सुगंध बिखेरने वाले पौधे लगाए जाएंगे। आसपास के किसानों को भी ऐसे पौधे लगाने के लिए प्रेरित किया जाएगा ताकि सुगंधित तेल बनाने वाले उद्योग में अपनी फसल बेच कर वे अधिक से अधिक मुनाफा कमा सकें। राशि वन में सभी 12 राशियों से संबंधित पौधरोपण किया जाएगा। इन वाटिकाओं का शिलान्यास मुख्यमंत्री पर्यावरण दिवस के अवसर पर 5 जून को करेंगे।
डंपिंग ग्राउंड को तुरंत शिफ्ट करने के निर्देश
मुख्यमंत्री ने सेक्टर-23 के डंपिंग ग्राउंड को तुरंत प्रभाव से झूरीवाला में शिफ्ट करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि सेक्टर-23 के डंपिंग ग्राउंड में कूड़ा डालना तत्काल बंद किया जाए। इसे जल्द साफ करवाएं। इस काम में कोताही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। इस कार्य में देरी पर अधिकारियों की जवाबदेही तय करते हुए कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें