कोई हार्ट का पेशेंट, तो किसी को गठिया की शिकायत थी। सुबह से दोपहर तक पंचकूला के सभी पोस्ट ऑफिसों में लाइन में लगे इन बुजुर्गों का हौसले को सर्वर की धीमी रफ्तार ने मंगलवार को पस्त कर दिया। अधिकतर बुजुर्ग घंटाें लाइन में खड़े होने के बाद तबीयत बिगड़ने पर बीना काम कराए घर लौट गए।
बुजुर्गों का आरोप है कि पोस्ट ऑफिस में तैनात मुलाजिमों का व्यवहार भी ठीक नहीं है। कई लोगों ने तो यहां तक कहा कि एक तरफ सर्वर की समस्या तो है तो दूसरी तरफ कई मुलाजिम काम में एक्सपर्ट नहीं है। उन्हें मेन काउंटर पर बैठाया गया है।
जो काम 10 मिनट में होना चाहिए वह आधे घंटे में हो रहा है। वह पिछले कई दिनों से पेंशन व पोस्ट ऑफिस से संबंधित अन्य कार्यों के लिए चक्कर लगा रहे हैं। इसके बाद भी काम नहीं हो पा रहा है। पिछले माह भी सर्वर बंद होने के कारण लगातार चार दिनों तक लोगों को पोस्ट ऑफिस के चक्कर लगाने पड़े थे। डाक विभाग के कोर बैंकिंग सिस्टम का सर्वर चेन्नई में है। ये मेन सर्वर से ही खराबी है।
ये कार्य हुए प्रभावित
पेंशन, स्पीड पोस्ट, रेलवे टिकट, सीनियर सिटीजन सेविंग एकाउंट, किसान विकास पत्र के लिए लोगों को परेशान होना पड़ा।
हार्ट पेशेंट की तबीयत बिगड़ी
सेक्टर-8 के पोस्ट ऑफिस में पेंशन के लिए आए एक हार्ट पेशेंट की अचानक तबीयत खराब हो गई। उन्हें तत्काल अस्पताल में दाखिल करवाया गया। पंचकूला सेक्टर-18 से राजकुमार पत्नी गीता शर्मा के साथ आए पेंशन के लिए आए थे। वह हार्ट और गठिया की बीमारी से पीड़ित हैं। पोस्ट ऑफिस में वह पेंशन के लिए कई दिनाें से चक्कर लगा रहे हैं। सुबह साढ़े आठ बजे से लाइन में लगने के बाद 12 बजे तक उनका काम काम नहीं हुआ। इस बीच उनकी तबीयत अचानक बिगड़ गई। पत्नी गीता शर्मा डॉक्टर के पास जांच के लिए ले गई।
कोट्स
चार मार्च से सेविंग का पैसा लेने के लिए रोजाना पोस्ट ऑफिस के चक्कर लगा रहा हूं। मंगलवार को भी सुबह 9 बजे से लाइन में लगा हूं। एक बजने वाले हैं। नौ वां नंबर था, सर्वर स्लो होने की वजह से अब तक नंबर नहीं आया।
- प्रेम लाल, निवासी, सेक्टर-7 पंचकूला।
एकाउंट क्लोज कराने आया हूं। सुबह से लाइन में लगा हूं। तीन घंटे बीत गए। मेरा पांचवां नंबर था, अबतक नंबर नहीं आया। अब बगैर काम कराए घर लौट रहा हूं। पाव में दर्द ज्यादा देर तक खड़ा नहीं हो सकता।
शंभू प्रसाद, निवासी सेक्टर-16 पंचकूला।
क्या कहते हैं अधिकारी
हरियाणा के असिस्टेंट पोस्ट मास्टर जनरल जेके गुलाटी ने बताया कि मेन सर्वर से खराबी है। पूरे हरियाणा के पोस्ट ऑफिसों में लोगों दिक्कतें पेश आ रही हैं। रूरर एरिया में ज्यादा समस्या है। पोस्ट ऑफिसों को ऑन लाइन किया गया है। कुछ जगह स्टाफ भी अनट्रेंड हैं। इस प्रक्रिया में थोड़ा समय लगेगा। इसके लिए लगातार प्रयास किया जा रहा है।