पंचकूला के वांछितों को पकड़ने में पुलिस असफल साबित हुई है। पंचकूला पुलिस ने 28 ऐसे मोस्टवांटेड आरोपियों की लिस्ट बनाई है, जिनकी चार साल से गिरफ्तारी नहीं हो सकी है। इसमें पंचकूला हिंसा के चार इनामी भी शामिल हैं। इनको पकड़ने के लिए पुलिस थानों की टीम, क्राइम ब्रांच, क्राइम इन्वेस्टिगेशन और एसआईटी की टीम इन्हें नहीं पकड़ सकी है। पुलिस की ओर से आरोपी आदित्य इंसां पर 5 लाख का इनाम रखा गया है।
ये हैं पंचकूला के मोस्टवांटेड
जिले की मोस्टवांटेड की लिस्ट में पंचकूला हिंसा मामले के आरोपी भी शामिल हैं। इसमें पांच लाख के इनामी आदित्य इंसा, एक लाख के इनामी अमरीक सिंह, नवदीप कुमार, अभिजीत शंकर को पुलिस पकड़ने में पुलिस असफल रही है। इन्हें पंचकूला एसआईटी नहीं पकड़ सकी है। इन सभी आरोपियों पर दंगा भड़काने, देशद्रोह, जनसमूह को भाड़े पर लाकर दंगे में शामिल करना, दंगे में शामिल होने की धाराओं के तहत केस दर्ज किया गया है।
इस मामले में फरार हैं यह आरोपी
25 अगस्त 2017 को पंचकूला की सीबीआई अदालत की तरफ से साध्वी यौन शोषण मामले में डेरामुखी गुरमीत राम रहीम को दोषी करार दिया गया था। दोषी करार दिए जाने के बाद हिंसा भड़क गई थी। हिंसा भड़काने की साजिश में आरोपी आदित्य इंसां, अमरीक सिंह, नवदीप कुमार, अभिजीत शंकर पर इनाम रखा गया है।
इन धाराओं के तहत दर्ज हैं इन पर केस
पंचकूला हिंसा के मामले में आरोपियों पर भारतीय दंड संहिता की धारा-120बी, 121ए, 145, 150, 151,152, 153 की धारा के तहत केस दर्ज किया है। इन आरोपियों पर देशद्रोह की धारा भी लगी है। इसके बाद भी पुलिस इनको पकड़ने में फेल रही है। पंचकूला पुलिस में मोस्टवांटेड की लिस्ट में 28 आरोपी शामिल हैं। इसमें हत्या और किडनैपिंग के 50 हजार के दो इनामी हैं। वहीं स्नैचिंग के मामले में 25 हजार के इनामी, लूट-डकैती में आठ आरोपी के पांच हजार के इनामी हैं। इसके बाद भी पुलिस खाली हाथ है।
पंचकूला पुलिस की तरफ से मोस्टवांटेड लोगों की लिस्ट तैयार की गई है। इसके लिए पुलिस लगातार काम कर रही है। पुलिस की अतिरिक्त टीमें बनाकर इन्हें पकड़ने का प्रयास लगातार किया जा रहा है। -मोहित हांडा, पुलिस उपायुक्त, पंचकूला