हरियाणा शहरी विकास प्राधिकरण ने अब दिवाली के पहले अपना खजाना भरने की तैयारी कर ली है। दिवाली से पहले हुडा पंचकूला की साइट्स की दो बार ई-आक्शन करेगा। हुडा ने सौ साइट्स की ई-आक्शन करने की तैयारी की है। एक ई-आक्शन सितंबर में की जाएगी और दूसरी ई-आक्शन अक्तूबर में। हुडा ने साइट्स की नीलामी के लिए साइट विजिट कर ली है।
सितंबर में हुडा द्वारा पचास साइट्स का ई-आक्शन किया जाएगा। ई-आक्शन में आम आदमी को सर्वर डाउन होने जैसी समस्या न आए इसका विशेष ध्यान रखा जाएगा। हुडा ई प्रोक्योरमेंट साइट के माध्यम से ई-आक्शन करता है और पिछली बार ज्यादा लोड होने के कारण सर्वर डाउन हो गया था। जिसके कारण ई-आक्शन करने वालों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा था। अबकी बार ऐसा न हो, इसके लिए हुडा ने एक खास बैठक की है और ई प्रोक्योरमेंट साइट से एक साप्ताहिक कैलेंडर की मांग की है। एक दिन हुडा की ई-आक्शन के लिए होगा।
हुडा के एक अधिकारी ने बताया कि फिलहाल हरियाणा शहरी विकास प्राधिकरण ने स्थानीय स्तर पर पचास सइट्स की ई-आक्शन की तैयारी कर ली है। यह साइट्स हुडा को मिलने वाली बैंडविथ पर भी निर्भर होगी। हुडा के अधिकारी ने कहा कि ई प्रोक्योरमेंट साइट से कैलेंडर तय करने को कहा गया है। जिसमें पंचकूला की ई-आक्शन ज्यादा सुलभ होगी।
जितनी ज्यादा साइट, उतना ज्यादा लोड
ई-आक्शन के दौरान जितनी ज्यादा साइट होती हैं उतना ही साइट पर लोड होता है। इसका कारण है कि ई-आक्शन के लिए साइट पर एकदम से हजारों लोग लाग इन करते हैं। जिससे सर्वर पर लोड ज्यादा हो जाता है। जिसका सीधा असर सर्वर पर पड़ता है। हां, यदि बैंडविथ ज्यादा होगी तो उसका लाभ आम लोगों को मिलता है।
कामर्शियल, रेजीडेंशियल और आस्टिज कोटा
हुडा ने ई-आक्शन के दौरान कामर्शियल, रेजीडेंशियल साइट्स के साथ ही बूथों की ई-आक्शन करता है। इसके साथ हुडा दस फीसदी आस्टिज कोटे के प्लाट्स का ड्रा करेगा।
कोट्स
हमारी कोशिश है कि इस बार पचास साइट की नीलामी करें। साइट का चयन कर लिया गया है। सितंबर में ई आक्शन संभव है। ई-आक्शन की तिथि फाइनल होने के बाद साइट्स की जानकारी दी जाएगी।
- हरदीप सिंह, प्रशासक हरियाणा शहरी विकास प्राधिकरण।