किसानों को कम हो रही पैदावार को बेहतर करने के लिए कृषि विभाग की ओर चलाई जाने वाली स्कीमों का लाभ लेना चाहिए। इससे वह न सिर्फ कृषि उत्पाद की पैदावार बढ़ा सकेंगे बल्कि आमदनी में वृद्धि भी कर सकेंगे।
यह बात पंचकूल के उपायुक्त मनदीप सिंह बराड़ ने शुक्रवार को कृषि विभाग द्वारा एक दिवसीय जिला स्तरीय कृषि मेले में कही। इसका आयोजन आत्मा स्कीम के तहत एचएमटी पिंजौर अंबेडकर आडिटोरियम में किया गया।
उन्होंने किसानों से कहा कि विकास युग में खेती के लिए भूमि भी कम होती जा रही है। बढ़ती जनसंख्या को खाद्य पदार्थ उपलब्ध करवाने के लिए किसानों को पारंपरिक खेती के साथ-साथ कृषि से संबंधित अन्य कार्य भी करने चाहिए।
उन्होंने कहा कि पारंपरिक खेती के साथ-साथ किसान सब्जी, फल-फूल की खेती भी करें। इस मौके पर उपमंडल अधिकारी कालका आशुतोष, कृषि विभाग के एसडीओ इश्म सिंह व नरेश सैनी, कृषि मेला में उपनिदेशक कृषि सुरेंद्र यादव, नाबार्ड के डीएम डीके गर्ग, कृषि विज्ञान केंद्र के बलवान सिंह मंडल, पशुपालन विभाग के डा. विशाल, जिला
मत्स्य अधिकारी नीलम कटारिया, बीओ सुखदेव सिंह नैन, हरीश, उपेंद्र सिंह मौजूद रहे। यहां कृषि विभाग, बागवानी व पशुपालन विभाग की ओर से प्रदर्शनी भी लगाई गई थी।