35 दिन बाद बुकिंग, फिर 15 से 25 दिन की वेटिंग एजेंसियों के बाहर रोज लग रहीं लंबी कतारें
चरन सिंह टिब्बी
पंचकूला। जिले में रसोई गैस का संकट लगातार गहराता जा रहा है। 12 गैस एजेंसियां होने के बावजूद उपभोक्ताओं को समय पर एलपीजी सिलिंडर नहीं मिल पा रहे। हालत यह है कि सिलिंडर की डिलीवरी के 35 दिन बाद ही दोबारा बुकिंग हो रही है और इसके बाद भी लोगों को 15 से 25 दिन तक इंतजार करना पड़ रहा है। ऐसे में एक सिलिंडर के लिए उपभोक्ताओं को करीब दो महीने तक इंतजार करना पड़ रहा है।
गैस संकट का असर सीधे लोगों की रसोई और घरेलू बजट पर पड़ रहा है। जिले की गैस एजेंसियों के बाहर रोज लंबी कतारें लग रही हैं। उपभोक्ताओं को सिलिंडर के लिए कई-कई बार एजेंसियों के चक्कर काटने पड़ रहे हैं, लेकिन इसके बावजूद राहत नहीं मिल रही। शहरी क्षेत्रों के साथ-साथ ग्रामीण इलाकों में भी स्थिति गंभीर बनी हुई है।
डिलीवरी बॉय पर ब्लैक में सिलिंडर बेचने के आरोप
कई उपभोक्ताओं ने गैस एजेंसियों के डिलीवरी बॉय पर सिलिंडर ब्लैक में बेचने के आरोप लगाए हैं। लोगों का कहना है कि घरेलू उपभोक्ताओं को समय पर सिलिंडर नहीं दिए जा रहे, जबकि अधिक कीमत लेकर होटल और रेस्टोरेंट संचालकों को तुरंत गैस उपलब्ध करवाई जा रही है। कम वजन वाले सिलिंडर सप्लाई किए जाने की शिकायतें भी सामने आई हैं।
इन इलाकों में सबसे ज्यादा परेशानी
कालका, पिंजौर, बरवाला, रायपुररानी, रामगढ़, चंडीमंदिर और मोरनी क्षेत्र में स्थिति सबसे ज्यादा खराब बताई जा रही है। पंचकूला शहर की इंद्र गैस एजेंसी, आशीर्वाद गैस एजेंसी, सिंगला गैस एजेंसी और राजिंद्रा गैस एजेंसी समेत जिले की लगभग सभी एजेंसियों में ऐसे ही हालात हैं।
सीमित सप्लाई बनी संकट की वजह
सूत्रों के अनुसार गैस कंपनियों ने बढ़ती मांग के बीच सप्लाई सीमित कर दी है। कंपनियों का तर्क है कि कुछ उपभोक्ता जरूरत से ज्यादा सिलिंडर स्टॉक कर रहे हैं, जिससे वितरण व्यवस्था प्रभावित हो रही है। इसी आधार पर एजेंसियों को पिछले वर्ष की खपत के अनुसार सीमित कोटा दिया जा रहा है।
उपभोक्ताओं का छलका दर्द
इंदिरा कॉलोनी निवासी विक्रांत ने बताया कि गैस बुकिंग करवाने के 30 दिन बाद भी सिलिंडर नहीं मिला। वहीं लाल जी ने कहा कि 25 दिन बीत जाने के बावजूद गैस नहीं मिलने से घर का कामकाज प्रभावित हो रहा है। लोगों का कहना है कि आखिर कब तक बाहर से खाना खरीदकर गुजारा किया जाए। लगातार बढ़ती परेशानी के बीच उपभोक्ताओं ने प्रशासन और गैस कंपनियों से जल्द समाधान की मांग की है। लोगों का कहना है कि यदि जल्द सप्लाई व्यवस्था नहीं सुधरी तो आने वाले दिनों में संकट और गंभीर हो सकता है। वहीं डीसी सतपाल शर्मा का कहना है कि जिले में गैस की कोई कमी नहीं है। ऐसे में सवाल उठ रहे हैं कि यदि स्थिति सामान्य है तो गैस एजेंसियों के बाहर रोज लंबी कतारें क्यों लग रही हैं।