रक्त की दो बूंद किसी को नया जीवन दे सकती है। रक्त को किसी भी तरीके से बनाया नहीं जा सकता है। इस जरूरत को केवल रक्तदान के माध्यम से ही पूरा किया जाता है। यह कहना है उपायुक्त डा. गरिमा मित्तल का। वह बुधवार को मिनी सचिवालय में रेडक्रॉस सोसायटी पंचकूला की ओर से आयोजित रक्तदान शिविर में रक्तदाताओं को प्रोत्साहित कर रही थीं। उन्होंने कहा एक स्वस्थ व्यक्ति के लिए रक्तदान से कोई नुकसान नहीं है। उन्होंने प्रसन्नता जताई कि भारी गर्मी के बावजूद मिनी सचिवालय प्रांगण में आयोजित इस शिविर में कर्मचारियों एवं अधिकारियों ने भी रक्तदान में रुचि दिखाई है। रक्तदान शिविर में अस्पताल सेक्टर-6 के डाक्टरों की टीम ने रक्त एकत्रित किया। कैंप में 35 लोगों ने रक्तदान किया। इस अवसर पर नगराधीश ममता शर्मा, डीआरओ धीरज चहल, रेडक्रॉस की सचिव विजय लक्ष्मी, जिला प्रबंध अधिकारी रमेश चौधरी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।