फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

पेड पार्किंग : सेक्टर-20 के ठेकेदार को निगम ने दिया नोटिस

विज्ञापन
विज्ञापन
पंचकूला। सेक्टर-20 की पेड पार्किंग के हर ब्लॉक में जाने वाले वाहन चालकों की पर्ची काटकर रकम वसूलने के मामले में नगर निगम के अधिकारियों ने कड़ा संज्ञान लिया है। उन्होंने नियमों के उल्लंघन पर पार्किंग ठेकेदार लाल चंद को नोटिस जारी किया है। नगर निगम के हस्तक्षेप के बाद लोगों को बड़ी राहत मिली है। लोगों को अब बार-बार एक से दूसरे ब्लॉक में जाने पर पार्किंग फीस नहीं देनी पड़ेगी। इतना ही नहीं एक पर्ची तीन घंटे तक मान्य होगी। गौरतलब है कि सेक्टर-20 की पेड पार्किंग में सामान की खरीदारी करने के लिए जाने वाले वाहन चालकों से हर ब्लॉक में पर्ची काटकर पैसे वसूले जाते थे। इस मामले को अमर उजाला ने 16 नवंबर के अंक में प्रमुखता से प्रकाशित किया था, जिस पर नगर निगम के अधिकारियों ने कड़ा संज्ञान लेकर ठेकेदार को नोटिस जारी कर जवाब तलब किया है।
विज्ञापन

नगर निगम के डीएमसी दीपक सूरा ने ठेकेदार को नोटिस जारी कर दो दिन की मोहलत दी है। उन्होंने टेंडर के सभी नियमों को तत्काल प्रभाव से लागू करने के निर्देश दिए हैं। नोटिस में स्पष्ट तौर पर कहा गया है कि निगम के संज्ञान में आया है कि पार्किंग ठेकेदार द्वारा सेक्टर-20 के हर ब्लॉक में अलग-अलग पर्ची काटी जा रही है, जिससे आम जनता को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। इसलिए आम जनता से बार-बार ब्लॉक बदलने पर पर्ची नहीं काटी जाएगी। नोटिस में सेक्टर-20 मार्केट के पास सड़क पर बैरिकेड्स लगाकर पार्क की गई गाड़ियों की पर्ची काटने के मामले में भी निर्देश दिए हैं। यदि ठेकेदार सड़क पर खड़ी गाड़ियों की पर्ची काटेगा तो उस पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।
डीएमसी दीपक सूरा की तरफ से जारी नोटिस में कहा गया है कि यदि सेक्टर-20 में किसी भी ऐसे स्थान पर गाड़ियां खड़ी होती हैं तो उसका निरीक्षण निगम अधिकारियों से करवाया जाए, ताकि उसका कोई अन्य विकल्प निकाला जा सके। उस स्थान पर निशानदेही करवाई जाएगी, ताकि जाम की स्थिति उत्पन्न ना हो और निशानदेही किए गए स्थान पर ही पर्ची काटी जाएगी। नोटिस में पार्किंग एरिया में सीसीटीवी कैमरे लगाने के निर्देश दिए हैं, ताकि गाड़ी चोरी होने, झगड़ा इत्यादि की स्थिति में सीसीटीवी फुटेज देखी जा सके। नोटिस में दो दिन के अंदर जवाब देने के लिए कहा गया है। इस नोटिस के बाद सेक्टर-20 के निवासियों को बड़ी राहत मिलेगी, क्योंकि लोग हर ब्लॉक में पार्किंग फीस वसूलने पर रोष जता रहे थे।
विज्ञापन

विपक्ष की मांग, पेड पार्किंग खत्म हो
सेक्टर-20 आरडब्ल्यूए के उपप्रधान योगिंदर क्वात्रा, जजपा पार्षद सुशील गर्ग और कांग्रेसी पार्षद सलीम दबकौरी, अक्षयदीप चौधरी, संदीप सोही, गुरमेल कौर, गौतम प्रसाद, ऊषा रानी ने नगर निगम के मेयर कुलभूषण गोयल और निगम आयुक्त धर्मवीर सिंह से मांग की है कि सेक्टर-20 और सेक्टर-14 में लगाई गई पेड पार्किंग को तत्काल खत्म किया जाए। क्योंकि यह जनता के लिए सुविधा नहीं, बल्कि दुविधा है। निगम के इस फैसले से लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। वहीं, सेक्टर-20 के निवासियों ने पार्षद सुशील गर्ग का आभार जताया है कि जिनके प्रयास से निगम ने उन्हें राहत प्रदान की है। क्योंकि अब उन्हें हर ब्लॉक में जाने पर पर्ची नहीं कटवानी पड़ेगी। उधर पार्षद सुशील गर्ग का कहना है कि वे इस मामले में अंत तक लड़ाई लड़ेंगे।
पार्किंग ठेकेदार ने लगाई रेट लिस्ट, पास की सुविधा दी
पेड पार्किंग का मामला तूल पकड़ने पर ठेकेदार लालचंद ने लोगों की सुविधा के लिए रेट लिस्ट को सार्वजनिक किया है। ठेकेदार द्वारा बोर्ड लगाया गया है, जिस पर लिखा है कि किस वाहन चालक को कितने रुपये अदा करने पड़ेंगे। चार पहिया वाहन चालक को 12 रुपये देने होंगे। यदि वह एक महीने का पास बनवाता है तो उसे 200 रुपये देना होगा। दो पहिया वाहन चालक को 6 रुपये और पास के लिए 100 रुपये देने होंगे। कामर्शियल वाहन चालकों को 48 रुपये देना होगा। इन्हें पास की सुविधा प्रदान नहीं की गई है। बोर्ड में ये भी लिखा गया है कि लोग हर महीने एक से दस तारीख के बीच में पास बनवा सकते हैं।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें