वार्ड-20 के पार्क में लंबे समय से नहीं हुई घास की कटाई, जहरीले जीव-जंतुओं का डर
संवाद न्यूज एजेंसी
रामगढ़। वार्ड नंबर-20 के गांव कोट में सार्वजनिक पार्क की हालत लंबे समय से खराब है। पार्क में घास की कटाई नहीं होने से जगह-जगह ऊंची घास उग आई है। कई स्थानों पर घास लोगों की ऊंचाई तक पहुंच गई है। वहीं, कई कुर्सियां टूटी पड़ी हैं और चारदीवारी व प्रवेश व्यवस्था ठीक नहीं होने से आवारा जानवर भी पार्क में घुस रहे हैं। स्थानीय लोगों ने पार्क की सफाई, घास कटाई और टूटी कुर्सियों की मरम्मत की मांग की।
लोगों के अनुसार सुबह-शाम बड़ी संख्या में लोग सैर और व्यायाम के लिए पार्क में पहुंचते हैं। ऊंची घास में जहरीले जीव-जंतुओं के छिपे होने की आशंका से लोगों में डर बना रहता है। समाजसेवी रमेश कुमार ने बताया कि पार्क की टूटी कुर्सियों की लंबे समय से मरम्मत नहीं हुई है और घास भी काफी बढ़ चुकी है। उन्होंने कहा कि पार्क में स्वच्छ और सुरक्षित वातावरण मिलना चाहिए। लोगों ने प्रशासन से नियमित रखरखाव और आवारा पशुओं की रोकथाम के लिए उचित व्यवस्था कराने की मांग की।