पंचकूला। नगर निगम के पार्षद और जेई के बीच हुए लड़ाई का मामला अदालत में पहुंच गया है। अदालत ने पंचकूला पुलिस को पार्षद पंकज की शिकायत पर कार्रवाई करने को कहा है। अदालत ने पुलिस को कार्रवाई कर 9 मई तक उसकी पूरी रिपोर्ट पेश करने को कहा है। 25 मार्च को नगर निगम के डिप्टी म्यूनिसिपल कमिश्नर के केबिन में विकास कार्य को लेकर पार्षद पंकज और जेई रोहित सैनी के बीच बहस हुई। बहस के दौरान पार्षद पंकज ने जेई पर जाति सूचक शब्द कहने का आरोप लगाया।
इसके कुछ देर बाद रोहित सैनी नगर निगम कमिश्नर के केबिन में चले गए। वहां पर पार्षद पंकज अपने कुछ साथियों के साथ पहुंचे और निगम कमिश्नर के केबिन में पार्षद और जेई के बीच जमकर लात घूसें चले। इसमें जेई का सिर फटा और पार्षद को भी काफी चोटें आईं। जेई ने जहां पार्षद पर नुकीले सामान से हमला करने का आरोप लगाया। वहीं, पार्षद ने जेई द्वारा गालीगलौज करने, अपशब्द कहने और उन पर हमला करने का आरोप लगाया। इसके बाद पुलिस ने नगर निगम के जेई रोहित सैनी की शिकायत पर पार्षद पंकज के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया। पार्षद की शिकायत पर पुलिस ने कोई कार्रवाई नहीं की।
मुझे न्याय मिला पार्षद
नगर निगम पार्षद पंकज ने बताया कि 25 मार्च को घटना के दिन जेई ने पहले उनके पिता और बाद में उनके साथ बदतमीजी की और जातिसूचक शब्द कहे। इसके बाद जब हंगामा हुआ तो डायल 112 पर पुलिस को कॉल कर उन्होंने बुलाया। मेडिकल होने के बाद उन्होंने सेक्टर 14 थाने में शिकायत दी। मेरी शिकायत पर पुलिस ने कोई कार्रवाई नहीं की। जेई ने मेरे बाद में शिकायत दी और उसकी शिकायत पर मेरे खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया। देर रात 307 लगाकर मुझे गिरफ्तार कर लिया गया। जेल से निकलते ही पुलिस के एक तरफा कार्रवाई को लेकर मैंने अदालत का दरवाजा खटखटाया और आज मुझे न्याय मिला है।
पुलिस की जांच में तथ्य सामने आ जाएगा
नगर निगम के जेई रोहित सैनी का कहना है कि अदालत के आदेश का सम्मान करता हूं। अदालत के आदेश पर पुलिस जो जांच करेगी उसमें मुझे पूरा विश्वास है। पुलिस जांच में सारे तथ्य सामने आ जाएंगे।
अभी फिलहाल हमारे पास अदालत के आदेश की कॉपी नहीं आई है। जैसे ही हमारे पास आदेश की कॉपी मिलेगी, उसके तुरंत बाद आरोपी के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। - रामभगत, एसएचओ, सेक्टर 14 थाना पंचकूला।