पंचकूला। इनेलो की यूथ और स्टूडेंट विंग ने वीरवार को भाजपा-जजपा गठबंधन सरकार के समय में हुए भर्ती घोटाले के विरोध में सेक्टर-4 स्थित एचपीएससी कार्यालय के बाहर प्रदर्शन किया। इसका नेतृत्व इनेलो की यूथ विंग के राष्ट्रीय प्रभारी कर्ण चौटाला और इनेलो की स्टूडेंट विंग आईएसओ के राष्ट्रीय प्रभारी अर्जुन चौटाला ने किया। सुरक्षा व्यवस्था के मद्देनजर जिला प्रशासन ने बड़ी संख्या में पुलिस बल को तैनात किया था। इतना ही नहीं पार्टी के कार्यकर्ताओं को रोकने के लिए बैरिकेड्स भी लगाए गए थे।
प्रदर्शन के दौरान पुलिस और कार्यकर्ताओं के बीच धक्का-मुक्की हुई। पुलिस के जवानों कार्यकर्ताओं को आगे जाने से रोकने की कोशिश की, लेकिन वे अपनी जिद पर अड़े रहे। ऐसे में पुलिस ने इनेलो कार्यकर्ताओं सहित कर्ण और अर्जुन चौटाला को हिरासत में लिया। हालांकि कुछ देर बाद उन्हें छोड़ दिया गया। प्रदर्शन को संबोधित कर कर्ण चौटाला ने मुख्यमंत्री पर कटाक्ष कर कहा कि जब नीरज चोपड़ा ओलंपिक में गोल्ड मेडल जीतकर आए तो मुख्यमंत्री उनके गांव गए थे, जहां उन्होंने घोषणा की थी कि चोपड़ा के गांव में राष्ट्रीय स्तर का स्टेडियम बनवाएंगे, लेकिन प्रदेश का दुर्भाग्य है कि ऐसा व्यक्ति मुख्यमंत्री बना है जिसे यह भी पता नहीं है कि उस गांव में पंचायती जमीन ही नहीं है, जहां स्टेडियम बनाया जा सके।
इनेलो की स्टूडेंट विंग के राष्ट्रीय प्रभारी अर्जुन चौटाला ने कहा कि यह लड़ाई आज वर्तमान की नहीं है बल्कि युवाओं के भविष्य की है। यह लड़ाई इस भ्रष्ट सरकार के सिस्टम के खिलाफ है। आज युवा नौकरी के लिए दिनरात मेहनत करते हैं और सरकार के भ्रष्ट सिस्टम के कारण नौकरी भर्ती के 250 किमी दूर बसों में किराया देकर और गाड़ी किराए पर लेकर परीक्षा देने जाता है। लेकिन, भाजपा-जजपा की यह भ्रष्ट सरकार करोड़ों रुपये में नौकरियों को बेचकर युवाओं के साथ धोखा कर रही है।
इनेलो के प्रदेशाध्यक्ष नफे सिंह राठी ने कहा कि प्रदेश का युवा गठबंधन सरकार को आज यह संदेश देने के लिए इकट्ठा हुआ है कि पिछले सात सालों में जो नौकरियां बेचकर योग्य युवाओं को उनके हकों से वंचित किया जा रहा है उसे किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। एचपीएससी में कैसे करोड़ों रुपये लेकर नौकरियां बेचने का उद्योग चल रहा है। इस मौके पर इनेलो के जिला पंचकूला प्रधान सतिंदर टोनी, जिला महिला अध्यक्ष सीमा चौधरी, युवा अध्यक्ष राजू राणा मौली, करुण चौधरी, मनीष छाछिया मौजूद रहे।