पंजाब में मुख्यमंत्री को रिमोट से चलाना चाहती है कांग्रेस हाईकमान: अश्वनी शर्मा
पंजाब भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष अश्वनी शर्मा ने कहा कि कांग्रेस हाईकमान पंजाब में मुख्यमंत्री को रिमोट से चलाना चाहता है। अश्वनी शर्मा ने राहुल गांधी पर तंज कसते हुए कहा कि चरणजीत सिंह चन्नी की जगह अगर वह स्वयं भी पंजाब विधानसभा चुनाव में उतर जाते तो भी इस बार उनकी पार्टी की सरकार नहीं बनने वाली। शर्मा ने कहा कि कांग्रेस के लिए यह विधानसभा चुनाव, चुनाव से ज्यादा गेम प्लान है। चरणजीत सिंह चन्नी की आड़ में कांग्रेस दलित कार्ड खेलकर अनुसूचित जाति के वोट लेना चाहती है, क्योंकि वह जानती है कि इस वर्ग की वोटों के बिना सरकार बनाना नामुमकिन है। कांग्रेस का प्लान है यदि पंजाब की जनता को धोखा देकर सरकार बनानी पड़े तो बना लो, क्योंकि सीएम बदलना तो पार्टी के हाथ में है। चन्नी को कांग्रेस पार्टी ठीक 111 दिन बाद वैसे ही चलता कर देगी, जैसे उन्हें 111 दिन पहले सीएम बनाया था।
अश्वनी शर्मा ने कहा कि राहुल गांधी ने राज्य के मुख्यमंत्री की तुलना देश के प्रधानमंत्री से की जो ठीक नहीं है। यह राहुल गांधी की ओछी मानसिकता को दर्शाता है। राहुल कहते हैं कि चन्नी गरीब घर का बेटा है, इसलिए उन्हें सीएम बनाएंगे, इस पर शर्मा ने कहा कि चन्नी ने गरीबी से उबरने के लिए ही खनन से अपने रिश्तेदार के माध्यम से पंजाब के करोड़ों रुपये डकारें हैं, जिसकी जांच ईडी कर रही है।
नवजोत सिंह सिद्धू द्वारा मंच से दिए गए बयान कि भाजपा ने मुझसे केवल प्रचार कराया, लेकिन इज्जत सिर्फ कांग्रेस में मिली है, पर पलटवार करते हुए अश्वनी शर्मा ने कहा कि सिद्धू सिर्फ सत्ता के भूखे हैं, जो अपने निजी हित के लिए कुछ भी कह सकते हैं, इसलिए उन्हें कोई सीरियस नहीं लेता।
अश्वनी शर्मा ने कहा कि पंजाब में जबसे कांग्रेस सत्ता पर काबिज हुई है, उसी समय से प्रदेश में नशा माफिया, रेत माफिया व विभिन्न प्रकार के माफिया सक्रिय हैं। आज गली मोहल्लों में अवैध रूप से शराब बन रही है, क्या यह कांग्रेस सरकार की नाकामी नहीं है।