पंचकूला। मानसून की वजह से जिले में रोज बारिश हो रही है। जलभराव की वजह से लोगों को परेशानी भी हो रही है। ऐसे में शहर में खुले मैनहोल और नाले हादसों को न्योता दे रहे हैं। जलभराव में खुले मैनहोल दिखाई नहीं देते और कभी भी बड़ा हादसा हो सकता है। इसका खामियाजा शहरवासियों को भुगतना पड़ सकता है।
शहर के सेक्टर-19, सेक्टर-6 और सेक्टर-9 सहित कई हिस्सों में मैनहोल और नालों के ढक्कन खुले पड़े हैं। बरसाती पानी की निकासी के लिए रोड गलियों की सफाई की जा रही है, मगर कई जगह पर मैनहोल के ढक्कन हटा दिए गए हैं, तो कहीं पर ये टूटे पड़े हैं। जब भी बारिश होती है तो सड़कों पर पानी भर जाता है। ऐसे में ये मैनहोल और खुले नाले दिखाई नहीं देेेते हैं। कई बार बारिश में नहाने के लिए बच्चे भी सड़कों पर निकल आते हैं। ऐसे में अगर कोई बच्चा इन मैनहोल में गिर जाए तो उसकी जान भी जा सकती है।
हादसों के बाद ही जागता है प्रशासन
प्रशासनिक अधिकारी किसी भी समस्या पर तब तक संज्ञान नहीं लेते हैं, जब तक कोई बड़ा हादसा न हो जाए। चंडीगढ़ के स्कूल में पेड़ गिरने से हुई बच्ची की मौत के बाद अब ट्राइसिटी में सभी पेड़ों की जांच शुरू कर दी गई है। ऐसे ही अगर कोई हादसा मैनहोल या नालों में गिरने से हो जाता है तो प्रशासन द्वारा इनको भी तुरंत दुरुस्त करा दिया जाएगा।
यह मामला मेरे संज्ञान में नहीं है। इसकी जांच कराई जाएगी। शहर में अगर कहीं भी मैनहोल या नालों के ढक्कन खुले होंगे तो उसको दुरुस्त कराया जाएगा। हमारा प्रयास है कि शहरवासियों को किसी भी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े। - विजय गोयल, एसई, नगर निगम