चंडीगढ़। हरियाणा में व्यायाम एवं योगशालाओं के सफल संचालन के लिए जल्द एक हजार आयुष सहायक व 22 आयुष कोच की भर्ती अनुबंध आधार पर की जाएगी। आयुष मंत्री अनिल विज ने कहा कि स्थापित की जा रही योगशालाओं के लिए आयुष सहायकों की भर्ती जिलास्तरीय चयन समिति करेगी। इसकी अध्यक्षता संबंधित जिला परिषद के मुख्य कार्यकारी अधिकारी करेंगे। जिला आयुर्वेदिक अधिकारी, सदस्य सचिव, डीसी का एक प्रतिनिधि, जिले के मुख्य चिकित्सा अधिकारी या प्रतिनिधि व जिला खेल अधिकारी समिति में शामिल होंगे। इनके चयन में गांव या पास के गांव के उम्मीदवार को वरीयता दी जाएगी।
आयुष सहायकों को 11 हजार रुपये मासिक मानदेय दिया जाएगा। इनकी आयु 18 से 35 वर्ष तक होगी। इसके लिए उम्मीदवारों की शैक्षणिक योग्यता हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड या सीबीएससी से 10+2 एवं किसी भी मान्यता प्राप्त विश्वविद्यालय से योग में डिप्लोमा रखी गई है। आयुष सहायक योगशाला के इंचार्ज के तौर पर कार्य करेंगे तथा इन्हें अन्य कार्य भी दिए जाएंगे।
विज ने बताया कि 22 आयुष कोच की भर्ती हरियाणा कर्मचारी चयन आयोग नियमित तौर पर करेगा। पक्की भर्ती होने तक आयुष कोच को आउटसोर्सिंग पॉलिसी-2 के तहत राज्यस्तरीय चयन कमेटी रखेगी। इनको 20 हजार रुपये मासिक मानदेय दिया जाएगा। प्रत्येक जिले में एक-एक कोच तैनात होगा। आयुष कोच की शैक्षिक योग्यता किसी मान्यता प्राप्त विश्वविद्यालय से योग में स्नातक या योग में क्वालिटी काउंसिल ऑफ इंडिया से लेवल-2 का प्रणाम पत्र होना चाहिए। इनकी आयु सीमा 21 से 42 वर्ष होगी। इनका कार्य योग की शिक्षा देना, आयुष सहायकों को प्रशिक्षण देना रहेगा।