पिंजौर। सूरजपुर सुखोमाजरी बाईपास पर कार और जीप की टक्कर में कार चालक की मौत हो गई और कार सवार लड़की सहित महिला घायल हो गई। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए कालका मोर्चरी में भिजवा दिया है। वहीं, अज्ञात जीप चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।
पुलिस के अनुसार, सितार मोहम्मद अपनी कार में रकईया और नसीमा निवासी बनोई खुदाबक्श जा रहे थे। जब वह सूरजपुर सुखोमाजरी बाईपास स्थित गुग्गा माड़ी के समीप पहुंचे तो उसकी कार और एक जीप की टक्कर हो गई। कार चालक सितार मोहम्मद 44 को कालका के सरकारी अस्पताल ले जाया गया जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया जबकि दोनों महिलाओं को सेक्टर 6 पंचकूला के अस्पताल ले जाया गया।
मृतक के परिजन नूर मोहम्मद ने बताया कि जीप चालक जीप को छोड़कर मौके से फरार हो गया। ग्रामीणों ने बताया कि जीप, कार की टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। इसमें सवार तीनों लोगों को दरवाजा तोड़कर करीब 30 मिनट की कड़ी मशक्कत के बाद निकाला गया।