पंचकूला। जिले में रविवार को कोरोना के 28 नए मामले सामने आए हैं। इसमें पंचकूला से 24 केस हैं। चार केस अन्य जिलों और प्रदेशों के हैं। इसमें पंचकूला से 10 पुरुष और 14 महिलाएं शामिल हैं। जिले में अब तक कोरोना के 137 सक्रिय मरीज हैं। दो मरीज अस्पताल में भर्ती हैं। सीएमओ मुक्ता कुमार ने बताया कि 135 मरीज अपने घर पर ही स्वास्थ्य लाभ ले रहे हैं।
सेक्टर-6 सिविल अस्पताल में दो मरीज भर्ती हैं। कोरोना मरीज मिलने का सिलसिला लगातार जारी है। स्वास्थ्य विभाग की तरफ से रविवार को 304 सैंपल एकत्रित कर जांच के लिए लैब भेजे गए हैं। इसकी रिपोर्ट सोमवार को आएगी। कोरोना से लड़ने के लिए स्वास्थ्य विभाग की तरफ से लगातार टीकाकरण अभियान चलाया जा रहा है। साथ ही टीका लगवाने के लिए लोगों को जागरूक भी किया जा रहा है। डिप्टी सिविल सर्जन डॉ. राजीव नरवाल ने बताया कि अब तक जिले में 44651 लोग संक्रमित हो चुके हैं। इनमें से 44100 मरीज उपचार के बाद स्वस्थ हो चुके हैं। 414 लोगों की मौत हो चुकी है।
अब तक स्वास्थ्य विभाग ने 628619 लोगों के सैंपल जांचे हैं। पंचकूला सीएमओ मुक्ता कुमार का कहना है कि कोरोना से बचाव के सभी जरूरी नियम का लोग पालन करें। अगर किसी को खांसी, जुकाम हो तो लोग अस्पताल के कोविड वार्ड में जाकर अपना टेस्ट करवा सकते हैं। इसके अलावा लोग अपने बचाव के लिए मास्क और सामाजिक दूरी का पालन करें। वैक्सीनेशन इंचार्ज मीनू सासन ने बताया कि 12 से 14 साल के 82.1 फीसदी बच्चों का टीकाकरण किया जा चुका है। वहीं 15 से 17 साल के बच्चों का 88.2 फीसदी टीकाकरण किया गया है।