संवाद न्यूज एजेंसी
बठिंडा। तलवंडी साबो के गांव लहरी के बस स्टैंड के पास ढाबा चलाने वाले नेपाली नागरिक संतोष थापा की अज्ञात व्यक्तियों ने बेरहमी से हत्या कर दी। उसका शव गांव के नहर के पास से बरामद हुआ है। माना जा रहा है कि हत्या करने के बाद शव को नहर के किनारे फेंककर उसे एक सड़क दुर्घटना दिखाने की कोशिश की गई है। घटनास्थल के पास एक बाइक बरामद हुई है, जिसे देखकर यही अनुमान लगाया जा रहा था कि सड़क दुर्घटना के कारण युवक की मौत हुई है, लेकिन उसके घुटने के पीछे और सिर पर तेजधार हथियार के वार के निशान होने पर पुलिस व उसके परिजनों ने इसे हत्या बताया। इसके चलते डीएसपी तलवंडी साबो व एसएचओ ने पुलिस टीम के साथ घटनास्थल का जायजा लेने के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए सिविल अस्पताल पहुंचाया। मृतक के भाई के बयान पर अज्ञात लोगों पर हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
इस घटना की सूचना मिलने पर नेपाली समुदाय के लोग एकजुट हुए और न्याय की मांग की। उन्होंने कहा कि संतोष थापा की हत्या की गहन जांच के बाद दोषी को सजा मिलनी चाहिए। डीएसपी तलवंडी साबो राजेश स्नेही ने बताया कि पहले पुलिस कंट्रोल रूम पर सूचना मिली थी कि एक हादसा हुआ है, जिसके बाद सड़क सुरक्षा पुलिस टीम मौके पर पहुंची, तो देखा कि यह कोई हादसा नहीं था, बल्कि एक हत्या थी। इसके बाद थाना तलवंडी साबो पुलिस ने मृतक के भाई सेम लाल उर्फ आकाश के बयान के आधार पर अज्ञात लोगों पर हत्या का मामला दर्ज कर लिया है। उन्होंने बताया कि पुलिस ने जांच शुरू कर दी है और जो भी इस हत्या में शामिल है, उसे जल्द ही पकड़ लिया जाएगा।