पंचकूला। हरियाणा वोकेशनल टीचर्स एसोसिएशन ने रविवार को 56वें दिन धरना प्रदर्शन किया। शिक्षकों ने कहा कि वह अब तीन दिवसीय महाआंदोलन सोमवार से करेंगे। वोकेशनल टीचर्स एसोसिएशन के राज्य प्रधान अनूप ढिल्लो ने बताया कि 20 से 22 दिसंबर तक महाआंदोलन के दौरान विधानसभा का घेराव किया जाएगा। घेराव करने के लिए हरियाणा के सभी जिलों से वोकेशनल टीचर्स मौके पर पहुंचेंगे। उन्होंने बताया कि यह लड़ाई वोकेशनल टीचर्स के हक की है। टीचर्स अन्याय के विरुद्ध न्याय की लड़ाई लड़ रहे हैं। सरकार की दोहरी नीतियों के खिलाफ यह लड़ाई है।
इस महाआंदोलन में सभी वोकेशनल टीचर्स किसी भी हद तक जा सकते हैं। हरियाणा की भाजपा- जजपा गठबंधन सरकार इनकी मांगों का कोई समाधान नहीं खोज पायी है। वोकेशनल टीचर्स पिछले 56 दिन से कड़ाके की सर्दी में पंचकूला सेक्टर-5 में टेंट में रात बिताने के लिए मजबूर हैं। महाआंदोलन के पहले दिन वोकेशनल टीचर्स महिलाओं के नेतृत्व में विधानसभा घेराव के लिए कूच करेंगे। इस मौके पर राज्य सलाहकार अश्विनी मलिक, गुरुग्राम जोन प्रभारी दीपक, हिसार जोन प्रभारी राजकुमार, नरेंद्र यादव, तरुण, कुलदीप, मोहनपाल, सुरेन्द्र वर्मा मौजूद रहे।